बीजेपी-पीडीपी में लगभग बन गई है बात!
https://husainijnp.blogspot.com/2015/01/blog-post_885.html
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में नई सरकार को लेकर बीजेपी और पीडीपी में सरकार बनाने को लेकर बातचीत लगभग पूरी हो चुकी है। खबर है कि जल्द दोनों सरकार बनाने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक सीएम मुफ्ती मोहम्मद सईद होंगे जबकि उप मुख्यमंत्री बीजेपी का होगा। विधानसभा चुनाव में पीडीपी 28 सीटों के साथ सबसे पड़ी पार्टी है तो बीजेपी 25 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी।
जम्मू-कश्मीर में बीजेपी और पीडीपी के नेताओं ने बुधवार को इसके साफ संकेत दिए हैं। दोनों पार्टियों के मुताबिक सरकार गठन के लिए दोनों दलों में बातचीत सही दिशा में बढ़ रही है। बीजेपी नेताओं राम माधव, जुगल शर्मा और निर्मल शर्मा ने राज्यपाल से भी मुलाकात की। राजभवन की ओर से कहा गया है कि दोनों दलों ने सरकार बनाने को लेकर हो रही बात से अवगत कराया है।
वहीं, पीडीपी का कहना है कि अगली सरकार कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के आधार पर बनेगी। इस दिशा में बीजेपी और पीडीपी सहमति पर पहुंच रहे हैं। जिन मुद्दों पर दोनों दलों में बातचीत जारी है उनमें अहम है AFSPA को हटाना और धारा 370। जहां तक मुख्यमंत्री पद का सवाल है तो सूत्रों के मुताबिक सीएम की कुर्सी मुफ्ती मोहम्मद सईद संभालेंगे जबकि उप मुख्यमंत्री बीजेपी का होगा।
इस वक्त जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल शासन लागू है। 87 सदस्यों वाली विधानसभा में पीडीपी ने सबसे ज्यादा 28 सीटें जीती हैं, जबकि 25 सीटों के साथ बीजेपी दूसरे नंबर पर है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के पास 15 और कांग्रेस के पास 12 सीटें हैं।

