खुफिया रिपोर्ट : फिदायीनों के निशाने पर दिल्ली सहित कई राज्य
https://husainijnp.blogspot.com/2015/05/blog-post_4.html
आजतक टाइम्स। मुंबई हमले के मास्टरमाइंड लश्कर ए तैयवा आतंकी जकी उर रहमान की रिहाई को लेकर भारत संयुक्त राष्ट्र में यूं ही चिंता नहीं जता रहा है। उसकी रिहाई के कुछ दिन बाद ही दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में फिदायीन हमले के इनपुट मिले हैं। खुफिया विभाग ने गृहमंत्रालय को ये इनपुट दिए हैं। बताया जा रहा है कि गृहमंत्रालय ने कई राज्यों के पुलिस प्रमुखों को इसकी जानकारी दे दी है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने इमरजेंसी बैठक बुलाई है और पूरी फोर्स को अलर्ट कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने फिदायीन हमले के इनपुट मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि इस बार बहुत ही विश्वसनीय तंत्रों से ये संकेत मिले हैं। इस कारण इन्हें गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुफिया विभाग ने इनपुट दिए हैं कि आतंकी दिल्ली और देश में मॉल और होटल समेत भीड़भाड़ वाली जगहों पर हमला कर सकते हैं। आतंकी दिल्ली में प्रवेश कर सकते हैं। उनकी एक साथ कई जगहों पर हमले करने की साजिश है। हमले के इनपुट कितने गंभीर हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शनिवार को विशेष पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) दीपक मिश्रा ने इमरजेंसी बैठक बुलाई थी। इसमें सभी थानाध्यक्ष, एसीपी, डीसीपी समेत सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। बैठक के बाद पूरी दिल्ली पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। स्पेशल सेल के पुलिस अधिकारी और कर्मियों को प्रमुख जगहों पर तैनात कर दिया गया है। एक जिले के डीसीपी ने बताया कि मार्केट एसोसिएशन से बात की जा रही है। बाजारों और मॉल में चेकिंग की जा रही है। बम खोजी कुत्ते और बम निरोधक दस्ते जगह-जगह चेकिंग कर रहे हैं। किरायेदारों का वेरीफिकेशन तेज कर दिया गया है। पुरानी गाड़ियों पर नजर रखी जा रही है। सीसीटीवी कमरों से बाजारों व मॉल पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

