गोरखपुर में भूकम्प का झटका,सड़क फटी
आज तक टाइम्स
गोरखपुर ।पिछले महीने नेपाल में आये भूकंप और उसके बाद लगातार आ रहे भूकंप के झटकों ने भारत नेपाल सीमा पर स्थित महाराजगंज और गोरखपुर जिले के लोग दहशत में जी रहे हैं. भूकंप का केंद्र भले नेपाल में हो लेकिन उसका असर इन जिलों में साफ़ दिखाई दे रहा है. शुक्रवार को भी गोरखपुर के पीपीगंज इलाके में लोगों को अचानक धरती के हिलने का एह्सास हुआ. यह झटका कुछ जोर का था, इसलिए इलाके में दहशत फ़ैल गयी. लेकिन इस दौरान लोगों ने जो नजारा देखा उसने उनके होश उड़ा दिए । शुक्रवार को दोपहर लगभग 1:30 बजे पीपीगंज के वार्ड नम्बर 9 ज्ञानचच्छु नगर में मुन्नीलाल मधेशिया और गुड्डू के मकान के सामने अचानक सड़क बीच से उठने लगी. देखते देखते सडक अपने स्तर से छह इंच ऊपर उठी और इस उठान ने स्पीड ब्रेकर जैसा आकार अख्तियार कर लिया. यह सिलसिला तब तक जारी रहा, जब तक कि सड़क फट नहीं गयी. इसके चलते सड़क पर 20 मीटर लम्बी दरार पड़ चुकी है. जोर की आवाज के साथ सड़क फटने के चलते इलाके में लोग सन्न रह गए. थोड़ी देर बाद जब लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो सड़क टूट चुकी थी और उसका मलवा इधर उधर फ़ैल चुका था ।

