aajtaktimes

डेंगू के बाद अब स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए तैयार रहें दिल्ली वाले

नई दिल्ली। डेंगू संकट से जूझ रहे दिल्लीवासियों को स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने स्वाइन फ्लू को लेकर चेताया है। उनके अनुसार लोगों को अगला मुकाबला स्वाइन फ्लू से करना पड़ सकता है, जो संभवत: राष्ट्रीय राजधानी में बदलते मौसम के साथ दस्तक दे सकता है।
सफदरगंज अस्पताल में प्रोफेसर और पल्मोनरी मेडिसिन के प्रमुख डॉ. जेसी सूरी ने कहा कि स्वाइन फ्लू तब सामने आता है जब तापमान गिरता है और सर्दी आती हैं। मसला यह है कि यह बीमारी हवा से फैलती है ना कि डेंगू की तरह मच्छर के काटने से। इसलिए स्वाइन फ्लू का प्रसार बहुत तेजी से होता है।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग लोग, मधुमेह के रोगी, गुर्दे की समस्या से पीड़ित, कैंसर के रोगी और गर्भवती महिलाओं को खतरा रहता है। इसलिए उन्हें सावधानियां बरतनी चाहिए। एम्स के एक वरिष्ठ डॉक्टर का कहना है कि पिछले साल शहर के अस्पतालों को स्वाइन फ्लू के ज्यादा मामलों से निपटने में बुनियादी ढांचे के मसलों का सामना करना पड़ा था और उन्होंने संक्रमण को रोकने के लिए जनता को जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
डॉक्टर ने कहा कि ओपीडी में लोगों की बहुत भीड़ थी जो अपने स्वाइन फ्लू की जांच कराना चाहते थे और उनमें से कई को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई थी। इसलिए उन्हें पृथक वार्ड में दाखिल करना पड़ा था। उस वक्त जगह की कमी थी।
डॉक्टर ने कहा कि सीमित कर्मचारियों और बुनियादी ढांचे के अभाव में अस्पताल प्राधिकारियों को संकट से निपटने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। एच1एन1 संक्रमण संक्रामक बीमारी है और एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आ जाती है। बीमारी का संक्रमण छींक, खांसी या संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने से फैलता है।
जब स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया गया तो अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने एच1एन1 संक्रमण से उत्पन्न होने वाली आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले ही तैयारी शुरू कर दी है। सार्वजनिक स्वास्थ्य के अतिरिक्त निदेशक प्रभारी डॉ चरण सिंह ने कहा कि यह डेंगू का मौसम है। सर्दियों में स्वाइन फ्लू अगला होगा। बहरहाल, हमने बीमारी से निपटने के लिए दवाइयों, डाइअग्नास्टिक किट, और अन्य जरूरी सामान का भंडरण कर शुरू कर दिया है ।

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item