aajtaktimes

मुंबई पुलिस ने एक लड़की को घेर कर पीटा , मचा हड़कंप

मुंबई। मुंबई पुलिस का एक अमानवीय चेहरा सामने आया है। लालबाग के राजा के दर्शनों के लिए अपने परिवार के साथ आई एक लड़की की महिला कॉस्टेबलों ने बेहरमी से पिटाई कर दी। लड़की का कसूर बस इतना था कि वो वीआईपी गेट से अंदर जाने की कोशिश कर रही थी। वहीं सोशल मीडिया में पुलिस की बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
दरअसल शुक्रवार को एक लड़की अपने परिवार के साथ लालबाग के राजा के दर्शन करने आई थी। गणपति उत्सव के दौरान पांडाल में लड़की गेट से अंदर जाने की कोशिश करती है। यह महिला पुलिस कॉन्स्टेबल को नागवार गुजरा। महिला पुलिसकर्मी ने लड़की को एक के बाद एक तीन थप्पड़ जड़ दिए। इसके साथ आया शख्स इसे बचाने के लिए आगे आया, पर महिला कॉस्टेबल वर्दी के रौब में थी। लड़की के साथ आई उसकी मां को भी उन्होंने नहीं बख्शा। बाद में दो महिला पुलिसकर्मियों ने भी इस पर ताबड़तोड़ चांटों की बरसात कर दी। फिर सभी पुलिसवाले लड़की को गेट के अंदर ले गए।
किसी ने यह पूरा वाकया मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। सवालों के घेरे में सरकार भी है तो अब आनन-फानन में इसकी जांच के आदेश दे दिए गए। अब आरोपी महिला पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं पीड़ित परिवार के मुताबिक वहां काफी भीड़ थी। उनकी बेटी के साथ छेड़खानी की गई, जिसकी शिकायत पुलिस से गई, लेकिन पुलिस ने मदद की बजाए उनकी ही पिटाई कर दी।
बताया जा रहा है लड़की पेशे से मॉडल है और उसके पिता राइटर हैं। इस मारपीट का सच क्या है ये जांच के बाद सामने आएगा, लेकिन इस घटना के सामने आने के बाद से फिर से मुंबई पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं, जो आम लोगों की सुरक्षा का दम भरती है ।

Related

POLICE 1021512768680245205

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item