भूकंप के डर से भागे बैंककर्मी, मौका ताड़ 21 लाख रुपये ले उड़े बदमाश
https://husainijnp.blogspot.com/2015/10/21.html
नोएडा। सोमवार की दोपहर दिल्ली से काबुल तक भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। हर तरफ जहां लोग भूकंप से बचने और इसके नुकसान का जायजा लेने व अपने दोस्तों-रिश्तेदारों की खैरियत पूछने में जुटे थे, वहीं दूसरी तरफ ग्रेटर नोएडा में बदमाशों ने इसे लेकर मची हड़बड़ी का फायदा उठाते हुए बैंक से 21 लाख रुपये लूट लिए।
गौरतलब है कि दोपहर करीब पौने तीन बजे दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में भूकंप के झटके महसूस किए गए। डर के मारे लोग अपने दफ्तरों में सारा काम छोड़ बाहर की ओर भागे। ग्रेटर नोएडा के दनकौर इलाके के यूनियन बैंक में भी बैंक कर्मचारी काम छोड़ बाहर की ओर भाग गए। इसी का फायदा उठाते हुए दो बदमाश बैंक में घुसे और वहां से 21 लाख रुपये लूट ले गए।
दरअसल उस समय सिर्फ बैंक का कैशियर ही बैंक में था। वो कैश छोड़कर नहीं भागा था। उसी दौरान 6 बदमाश बैंक में घुसे। उन्होंने बाहर खड़े गार्ड को अंदर खींच लिया और उसकी बंदूक छीनकर उसी के बल पर कैशियर से 21 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। ये सब इतना अचानक हुआ कि बाहर खड़े कर्माचरियों को जब तक भनक लगती, लुटेरे वहां से भाग चुके थे। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है ।

