aajtaktimes

कर्बला का तपता जंगल, या हुसैन या हुसैन

मोहर्रम का दुःखद महीना फिर आ गया। लोग मोहर्रम मनाने की तैयारी करने लगे हैं। मोहर्रम आने पर बहुत से लोग यह सोचने लगते हैं कि आखिर क्या वजह है कि १४ शताब्दियां बीत जाने के बावजूद आज भी लोग इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का शोक मनाते हैं। प्रायः होता यही है कि जब कोई व्यक्ति मर जाता है तो कुछ दिनों और सालों के बाद उसकी याद कम हो जाती है या लोग उसे भुला देते हैं परंतु इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम को शहीद हुए १४ शताब्दियां बीत गयीं हैं परंतु उनकी याद में मनाये जाने वाले शोक न केवल कम नहीं हो रहे हैं बल्कि उनमें दिन प्रतिदिन वृद्धि होती जा रही है। मोहर्रम में जहां जहां इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का शोक मनाया जाता है चारों ओर लोग काले वस्त्र धारण करते हैं। बहुत से लोग यह सोचने पर बाध्य हो जाते हैं कि अज़ादारी का रहस्य व कारण क्या है?


हर समाज की अतीत की घटनाएं उस समाज पर यहां तक कि दूसरे समाजों पर भी विभिन्न प्रभाव डाल सकती हैं। अगर अतीत की घटना लाभदायक एवं प्रभावी होती है तो उसके प्रभाव भी लाभदायक होते हैं। दूसरी ओर अगर वह समाज अतीत की महत्वपूर्ण घटनाओं को भुला देता है तो उससे मानव समाज के लिए बहुत क्षति पहुंचती है। क्योंकि इस प्रकार की घटनाओं के लिए हर राष्ट्र व समाज को बहुत कुछ खोना पड़ता है। जैसे महान हस्तियों को हाथ से खो देना और नाना प्रकार की समस्याओं का सामना करना आदि। इस आधार पर बड़ी घटनाओं से मानवता को बहुत पाठ मिलते हैं और उन्हें राष्ट्रों के लिए बहुत मूल्यवान समझा जाता है और हर इंसान की बुद्धि यह कहती है कि इस प्रकार की मूल्यवान पूंजी की रक्षा की जानी चाहिये और यथासंभव उससे लाभ उठाया जाना चाहिये।


इस बात में कोई संदेह नहीं है कि आशूरा की घटना विभिन्न पहलुओं से बहुत मूल्यवान है क्योंकि इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम और उनके वफादार साथियों ने महान ईश्वर के मार्ग में अपने प्राणों की जो आहूति दी है और उनके परिजनों ने जो कठिनाइयां सहन की हैं उसका कोई उदाहरण नहीं मिलता। दूसरी ध्यान योग्य बात यह है कि कर्बला की घटना किसी व्यक्ति, गुट या राष्ट्र के हितों की पूर्ति के लिए नहीं हुई है बल्कि कर्बला की घटना समस्त मानवता के लिए सीख है वह किसी जाति, धर्म या दल से विशेष नहीं है। इसमें जो पाठ हैं जैसे न्याय की मांग, अत्याचार के विरुद्ध आवाज़ व प्रतिरोध, प्रतिष्ठा, अच्छाई का आदेश देना, और बुराई से रोकना समस्त मानवता के लिए पाठ है। अगर कर्बला की एतिहासिक घटना से मिलने वाले पाठों को एक पीढी से दूसरी पीढी तक स्थानांतरित किया जाये तो पूरी मानवता उससे लाभ उठा सकती है।


पैग़म्बरे इस्लाम के पवित्र परिजनों ने इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का शोक मनाने पर बहुत बल दिया है। दूसरे शब्दों में मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम और उनके साथियों ने जो अद्वीय कुर्बानी दी है उसकी याद मनाये जाने पर बल दिया है। कर्बला की एतिहासक घटना से जो सीख मिलती है उसमें से एक एकता है। इमाम हुसैन और उनके वफादार साथियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि मूल उद्देश्य को लेकर किसी में कोई मतभेद नहीं था छोटे, बड़े, महिलाएं और बच्चे सब के सब एक ही दृष्टिकोण रखते थे, सबका लक्ष्य एक था। कर्बला की एतिहासिक घटना से सीख लेते हुए आज विभिन्न जाति व समुदाय के हजारों लोग इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की याद में शोक समारोह आयोजित करते हैं। वास्तव में पैग़म्बरे इस्लाम के पवित्र परिजनों ने इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का शोक मनाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करके उनके मध्य अद्वतीय शक्ति व क्षमता उत्पन्न कर दी है। 

कर्बला की एतिहासिक घटना में महान ईश्वर की उपासना और बंदगी सर्वोपरि है। मुसलमानों की प्रतिष्ठा, ईमान और आध्यात्म में है। 
कर्बला की इतिहासिक घटना का महत्वपूर्ण संदेश अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष था। शीयों की संस्कृति में धार्मिक पथप्रदर्शकों विशेषकर इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम और उनके वफादार साथियों के शोक में अज़ादारी आयोजित करना उपासना है। क्योंकि अज़ादारी अध्यात्म में विकास व वृद्धि का कारण बनती है और मनुष्य को परिपूर्णता के उच्च शिखर पर पहुंचने में सहायता करती है। इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की मुसीबतों पर रोना और दुःखी होना इंसान के अंदर परिवर्तन का कारण बनता है और तक़वा अर्थात ईश्वरीय भय व सदाचारिता की भूमि प्रशस्त होती है। अज़ादारी करके लोग इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के आज्ञा पालन के प्रति कटिबद्धता व्यक्त करते हैं। इसी तरह जो इंसान अज़ादारी करता है वह अपने व्यवहार से इस बात को दर्शा देता है कि वह अत्याचारियों से कोई समझौता नहीं करेगा और न तो अपमान का मार्ग स्वीकार करेगा। क्योंकि इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का प्रसिद्ध कथन है कि इज़्ज़त की मौत अपमान के जीवन से बेहतर है। जो व्यक्ति अज़ादारी करता है वास्तव में वह इस बात की घोषणा करता है कि वह इमाम हुसैन के पथ पर चलेगा यानी अत्याचार और अत्याचारी के समक्ष सिर नहीं झुकायेगा चाहे उसे सत्य के लिए सिर ही कटाना क्यूं न पड़े। सच्चाई के प्रति वफादारी वह चीज़ है जो साम्रराज्यवादियों के मुकाबले में राष्ट्रों की सुरक्षा करती है।

Related

World 7716563051272606689

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item