अवैध शराब तस्कर अरेस्ट
https://husainijnp.blogspot.com/2015/10/blog-post_432.html
जौनपुर। आरक्षी अधीक्षक राजू बाबू सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के बाबत सुजानगंज पुलिस ने गश्त के दौरान 1 शराब तस्कर को पकड़ लिया जबकि 3 मौके से फरार हो गये। थानाध्यक्ष सुजानगंज शिवानन्द यादव के अनुसार सूचना मिली कि क्षेत्र के मया गांव निवासी हृदय नारायण सिंह उर्फ नन्हे के ट्यूबवेल पर अवैध शराब बनायी जा रही है। इस पर वह अपनी टीम के साथ पहुंचे जहां 4 व्यक्तियों द्वारा अवैध शराब बनाने का कार्य किया जा रहा था लेकिन पुलिस को देखते ही 3 तो मौके से फरार हो गये जबकि एक पुलिस के हत्थे चढ़ा। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया तस्कर रामचन्द्र पुत्र राम अधार निवासी मया थाना सुजानगंज है जिसने बताया कि फरार साथियों में विनोद जायसवाल उर्फ पप्पू पुत्र केदार जायसवाल, धर्मराज गौड़ पुत्र बचऊ गौड़ निवासी मया और हृदय नारायण उर्फ नन्हे सिंह पुत्र चन्द्रेश सिंह निवासी डालपुर थाना सुजानगंज हैं। उन्होंने बताया कि मौके से 1 बोरी में 195 शीशी देशी शराब बरामद हुआ तथा इसके अलावा 4 जरकेन (काला व नीला) में 170 लीटर देशी शराब, 1 जरकीन में 60 लीटर ओपी, पैकिंग करने वाली एक मशीन, 3000 पीस खाली शीशी, 3000 पीस ढक्कन, होलोग्राम, 1 खाली ड्रम 200 लीटर का, 1 बाल्टी प्लास्टिक, 1 स्टील की बाल्टी, 1 स्टील का जग, 30 जार पानी का 20 लीटर का, 20 पीस कार्टून, 4 रीम टेप, 1 एल्कोहल नापने का मीटर, 1 सुजुकी मोटरसइाकिल नम्बर यूपी 72 सी- 0165 भी बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाने में धारा 272,419, 420, 467, 468, 471 भादंवि व 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत उसे जेल भेज दिया गया। साथ ही उपनिरीक्षक जामवन्त जायसवाल को विवेचना सौंपा गया।

