दोस्त से थे मां के 'प्रेम संबंध', बेटों ने मार डाला
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/blog-post_526.html
कानपुर। अपने दोस्त के साथ मां के प्रेम संबंधों से नाराज बेटों ने मां-प्रेमी दोनों की गला दबा कर हत्या कर दी और दोनों के शवों को अलग-अलग फेंक दिया। पुलिस ने दोनो शवों को बरामद कर महिला के दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया है।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर ने कहा कि कल्याणपुर के रोशन नगर में इमरान और कामरान अपनी मां राबिया बेगम के साथ रहते थे। राबिया उपलों का कारोबार करती थी। रंजीत नामक युवक उपले अपने तांगे पर ले जाकर होटलों में बेचता था। रंजीत चूंकि रोज घर आता था इसलिए उसकी दोस्ती इमरान और कामरान से भी हो गई। रंजीत अकसर रात में इन लोगों के घर में ही सो जाता था। एक दिन इमरान ने देर रात अपनी मां के कमरे में देखा तो पाया कि उसकी मां व रंजीत एक बिस्तर पर आपत्तिजनक अवस्था में लेटे हुए हैं। इस पर दोनों भाईयों ने मां और दोस्त की हत्या की योजना बनाई।
उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर 2015 को इमरान और कामरान ने अपनी मां राबिया (48) की गला दबा कर हत्या कर दी और लाश बोरे में भर कर नून नदी में बहा दी। बाद में रंजीत ने जब राबिया के बारे में पूछा तो कहा कि वह रिश्तेदारी में गई है। फिर दोनों भाई 31 दिसंबर की रात रंजीत (22) को मां को लेने चलने के बहाने बुलाकर ले गए और देर रात उसकी भी गला दबाकर हत्या कर दी और लाश शहर से बाहर बिठूर रोड पर फेंक दी।
पुलिस को अलग-अलग दिन दो लाशें मिली लेकिन वह इसका कोई लिंक नहीं निकाल पाई। जब रंजीत के घर वालों को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। उसके बाद पुलिस ने इस मामले की खोजबीन की तो प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया। माथुर ने बताया कि आज दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।

