aajtaktimes

चुनाव नजदीक आते ही भाजपा, संघ को याद आता है मंदिर का मुद्दा : पारसनाथ

जौनपुर । प्रदेश सरकार के ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग के कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव ने कहा कि कुछ सांप्रदायिक राजनीतिक पार्टियां प्रदेश का माहौल खराब करने के लिए लगी हुई है, पर हमारी सरकार उनके मंसूबे को कभी पूरा नहीं होने देगी। प्रदेश में जब-जब चुनाव नजदीक आता है तो भाजपा एवं संघ को अयोध्या में राम मंदिर और मथूरा, काशी के मंदिरों की याद आ जाती है। अयोध्या में जिस प्रकार पत्थर तराशने का काम जारी है, उससे कानून व्यवस्था का कोई लेना देना नहीं है। वहां सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कराने के लिए हमारी सरकार कटिबध्य है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पाकिस्तान से हो रही आंतकवादी गतिविधियों पर उन्होंने कहा कि हमारा पड़ोसी देश हमेशा से पीठ में छूरा भोंकने का काम करता चला आ रहा है पर न जाने क्यों हमारे देश  के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी इससे सीख नहीं ले रहे हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बर्थडे पार्टी में मोदी जी जाते हैं और बदले में वहां से आतंकवादी भेजकर हमें नये साल का तोहफा जवानों की शहादत देकर चुकाना पड़ रहा है।
वह शनिवार को स्थानीय डाक बंगले में पत्रकारों से बात-चीत कर रहे थे। इस दौरान  कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी जिलों में पंचायत चुनाव निष्पक्ष तरीके से कराकर हमारी सरकार ने नया इतिहास रचा है तो वहीं 73 जिलों में से 33 जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध चुने जा चुके है। जौनपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर मचे बवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव का मैं सच्चा सिपाही हूं। उनके आदेश का पालन करना मेरा कर्तव्य है ऐसे में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी राजबहादुर यादव को चुनाव में जिताने के लिए अपना सब कुछ दाव पर लगा दूंगा। उन्होंने इस बात से इंकार किया कि पार्टी में किसी प्रकार का मतभेद नहीं है और हम सब मिलकर समाजवाद की विचार धारा को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। भाजपा पर निशाने साधते हुए श्री यादव ने कहा कि जिस पार्टी के प्रधान मंत्री सिर्फ जुम्लेबाजी करते हैं उसका क्या हाल होता है यह बात दिल्ली, बिहार के विधान सभा चुनाव में जनता ने दिखा दिया है।  ऐसे में उत्तर प्रदेश में होने वाले 2017 के विधान सभा चुनाव में भी उनकी कलई खुल जाएगी। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के कुशल दिशा निर्देश व प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में जितना काम इस प्रदेश में हुआ है शायद ही किसी सरकार ने किया होगा। आज हमारी सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया गया है। लखनऊ सहित चार महानगरों में मेट्रो ट्रेन दौड़ाने का काम चल रहा है, किसानों के कर्ज माफ कर दिये गये हैं, बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराया जा रहा है। लाखों शिक्षा मित्रों को नियमित करने का काम अखिलेश सरकार ने किया है। ऐसे में सभी विपक्षी दल घबराये हुए हैं और उनके पार कोई मुद्दा बचा नहीं है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य पप्पू रघुवंशी, दीपक सिंह मांटो सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related

UP 333390234498755327

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item