मतगणना 6 मार्च , प्रशासन मुस्तैद
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/6.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन 2016 की मतगणना डीआरडीए गांधी सभागार में 06 मार्च, 2016 को प्रातः 8 बजे शुरू होगी। मतगणना को शान्तिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है। सुरक्षा हेतु तीन स्तर पर चेकिंग की व्यवस्था की गयी है। मतगणना स्थल पर महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी लगाये गये है। मतगणना केन्द्र की चारों ओर बैरीकेटिंग की गयी है। मुख्य रोड से डीआरडीए की ओर केवल अधिकृत व्यक्ति ही आ सकेगें। मुख्य रोड पर बैरियर स्थापित किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से मतगणना केन्द्र पर मेटल डिटेक्टर लगाया गया है और अग्निशमन यन्त्र सहित अन्य जरूरी व्यवस्थायें की गयी है।
जिला मजिस्ट्रेट अजय यादव ने मतगणना से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मी को पूरी निष्पक्षता के साथ मतगणना सम्पन्न कराने का निर्देश दिया है। वैध और अवैध मतों को गिनते समय उन्हें उम्मीदवारों अथवा मतगणना अभिकर्ता को दिखाया जायेगा, जिससे मतगणना में पूरी तरह पारदर्शिता रहे। मतगणना केन्द्र में निर्वाचन आयोग द्वारा प्राधिकृत अधिकारी एवं मतगणना कर्मी तथा जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अधिकृत व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेगा। मतगणना परिसर में कोई भी व्यक्ति मोबाइल एवं दूर संचार यन्त्र नहीं ले जा सकेगा। मुख्य विकास अधिकारी ऋषिरेन्द्र कुमार ने बताया कि डीआरडीए परिसर में जाने के लिए अधिकृत अधिकारी, मतगणना कर्मी एवं उम्मीदवार और मतगणना अभिकर्ता डीआरडीए के मुख्य द्वार से प्रवेश करेंगे। उसके बाद गेट नं0 1 से सम्बन्धित अधिकारी एवं मतगणना कर्मी मतगणना केन्द्र में प्रवेश करेंगे और गेट नं0 2 से उम्मीदवार एवं मतगणना अभिकर्ता मतगणना केन्द्र में प्रवेश करेंगे।
मतगणना स्थल पर ध्वनि प्रसारण यन्त्र की व्यवस्था की गयी है। लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा लाउडस्पीकर से मतगणना सम्बन्धी सूचना नियमित अन्तराल के बाद दिये जाने की व्यवस्था की गयी है।


