असफल नजर आ रही सर्राफा कारोबारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_329.html
जौनपुर। जौनपुर सर्राफा एसोसिएशन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार शुक्रवार को सर्राफा कारोबारियों ने हड़ताल के 9वें दिन अपनी प्रतिष्ठानों को पूरी तरह से बंद रखा जबकि पत्र-प्रतिनिधि द्वारा नगर का भ्रमण किया गया तो पाया कि कहीं आधी तो कहीं पूरी तरह से दुकानें खुली रहीं। इससे यहां यह कहना एकदम गलत नहीं होगा कि यह हड़ताल पूरी तरह से असफल है, क्योंकि देखा जा रहा है कि छोटे दुकानदार तो पूरी तरह से हड़ताल को सफल बनाने में लगे हुये हैं लेकिन बड़े दुकानदार जो एकाध महीने भी दुकान बंद रखें तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा, दिखाने के लिये सुबह शटर बंद रखते हैं लेकिन कुछ देर बाद आधी या पूरी खोलकर दुकानदारी शुरू कर देते हैं। यह स्थिति नगर की ही नहीं, बल्कि ग्रामीणांचलों में भी देखा जा रहा है। फिलहाल अपनी कमी को छिपाने के लिये जौनपुर सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री मधुसूदन बैंकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया कि सभी दुकानदार प्रतिष्ठान को बंद करके नगर के कसेरी बाजार स्थित कैम्प कार्यालय पर एकत्रित हुये जहां केन्द्र सरकार व वित्त मंत्री के खिलाफ नारेबाजी किये जिसके बाद विरोध स्वरूप चाय बनाकर दोपहर तक बिक्री भी किये। इस अवसर पर गौतम सोनी, अजय सेठ, श्रवण श्रीवास्तव, वंशीधर वर्मा, संजय सेठ, आनन्द सेठ, कन्हैया सेठ, राकेश सेठ, मोनू सेठ, विकास सेठ, विक्रम मौर्य, नीरज साहू, राजकुमार साहू, अनुराग जायसवाल, रवि मिंगलानी, केके जायसवाल के अलावा तमाम व्यवसायी व व्यापारी उपस्थित रहे।

