मांगों को लेकर 30 अप्रैल को मशाल जुलूस निकालेंगे शिक्षक
https://husainijnp.blogspot.com/2016/04/30.html
जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जनपद इकाई की बैठक जिलाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह की अध्यक्षता में संघ के कैम्प कार्यालय में हुई जहां 30 अप्रैल को पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली हेतु मशाल जुलूस निकालकर राज्य सरकार को चेतावनी देने के लिये बड़े स्तर पर शिक्षकों का आह्वान किया गया। इस मौके पर प्रदेश मंत्री रमेश सिंह ने बताया कि संगठन के प्रान्तीय नेतृत्व में 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन व्यवस्था से आच्छादित कराने का संकल्प लेते हुये आर-पार की लड़ाई लड़ने का एलान किया गया है। इस सम्बन्ध में 30 अप्रैल की सायं 5 बजे मशाल जुलूस निकालकर सरकार को चेतावनी दी जायेगी। इसी क्रम में मण्डलीय मंत्री डा. प्रमोद श्रीवास्तव ने कहा कि 5 से 12 मई के मध्य किसी एक कार्य दिवस पर प्रदेश के प्रत्येक जिलों में शिक्षकों व कर्मचारियों की संयुक्त गोष्ठी करके पुरानी पेंशन योजना की बहाली हेतु चरणबद्ध कार्ययोजना की रूप-रेखा तय की जायेगी जिसमें सभी संवर्ग के शिक्षक कर्मचारियों को बुलाया गया है। जिलाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षकों की सेवानिवृत्तिक लाभ की पत्रावलियां मण्डल कार्यालय को प्रेषित कराते हुये जीपीएफ पेंशन का भुगतान अन्तिम चरण में है। जिला मंत्री सुधाकर सिंह ने बताया कि संगठन का ग्रीष्मकालीन शिविर 18 व 19 जून का प्रस्तावित है जिसमें अन्य समस्याओं के साथ संघर्षपूर्ण कार्यक्रमों पर विचार किया जायेगा। अन्त में कोषाध्यक्ष विजय बहादुर यादव व साथी डा. अमित श्रीवास्तव के पिता के निधन पर शोक जताया गया। बैठक में डा. राकेश सिंह, शशि प्रकाश मिश्र, रविन्द्र मिश्रा, प्रेम बहादुर सिंह, राम अचल यादव, जय प्रकाश सिंह, दिलीप सिंह, सुनील सिंह, चन्द्र प्रकाश दूबे, राणा प्रताप सिंह, इन्द्रपाल सिंह, सुरेश यादव, रामचन्द्र यादव, समर बहादुर सिंह, बृजेश सिंह, संतोष सिंह आदि उपस्थित रहे।

