aajtaktimes

'मायावती को भाजपा ने मुख्यमंत्री बनाया, ये एक बड़ी भूल थी'

केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री रामशंकर कठेरिया का कहना है कि सपा की गुंडागर्दी और बसपा का कुशासन 2017 में भाजपा के मुख्य चुनावी मुद्दे होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि मायावती को भाजपा के समर्थन में यूपी का सीएम बनाना पार्टी की भूल थी।

उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सांसद केशव प्रसाद मौर्य की नियुक्ति को 2017 में सरकार बनाने की दिशा में पहला कदम बताते हुए कहा कि भाजपा की सोशल इंजीनियरिंग सत्ता का रास्ता साफ करेगी।

उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के लिए बहुत कुछ किया है। चुनाव में हमें उनके सुशासन और कामों का लाभ मिलेगा।

प्रदेश अध्यक्ष के दावेदार रहे कठेरिया ने शनिवार को यहां वीवीआईपी गेस्ट हाउस में बातचीत में मौर्य की नियुक्ति को पार्टी नेतृत्व का सही फैसला बताया। कहा कि मौर्य हिंदुत्व के पक्षधर हैं, योग्य और नौजवान हैं तथा पिछड़े वर्ग से आते हैं। उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाने से निश्चित तौर पर भाजपा को लाभ होगा।

उनके खिलाफ दर्ज मामलों पर कहा कि ये केस आंदोलनों के हैं। उन्होंने कहा, 2017 में सपा साफ हो रही है। कांग्रेस का कोई वजूद नहीं है। फिर भी प्रदेश में भाजपा का मुकाबला बसपा और सपा, दोनों से होगा।
मायावती ने खत्म कर दिया सोशल मूवमेंट
कठेरिया ने कहा कि मायावती दलित विरोधी हैं। अपने राजनीतिक लाभ के लिए उन्होंने डॉ. अंबेडकर के सोशल मूवमेंट को खत्म कर दिया है। अब दलितों के सामाजिक उत्पीड़न के खिलाफ आंदोलन नहीं होता। डॉ. अंबेडकर के मिशन से जुड़े सैकड़ों लोग तथा डीएस-4 और बीएस-4 में सक्रिय रहे नेता मायावती के विकल्प की तलाश में हैं।

उन्होंने कहा कि संत परंपरा में रविदास और राजनीतिक रूप से डॉ. अंबेडकर के बाद बाबू जगजीवन राम ने दलितों के लिए सर्वाधिक काम किया।

मायावती ने अपने स्टेच्यू तो लगवा दिए लेकिन संत रविदास और जगजीवन राम कहीं नहीं दिखते। उन्होंने कहा कि मायावती को भाजपा ने मुख्यमंत्री बनवाया, यह एक भूल थी।

सीएम के फेस का मिलता है लाभ
क्या भाजपा किसी नेता को मुख्यमंत्री के तौर पर प्रोजेक्ट करेगी? कठेरिया ने कहा कि यह फैसला संसदीय बोर्ड करेगा। हालांकि उनकी निजी राय है कि मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरा सामने हो तो पार्टी को इसका लाभ मिलता है।

Related

news 8334427058035307369

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item