aajtaktimes

अधिवक्ताओं ने किया हाइवे जाम, किया प्रदर्शन, प्रशासन मुस्तैद

अजमी रिज़वी
बाराबंकी। अधिवक्ता के साथ की गयी अभद्रता के विरोध में आज जिला मुख्यालय
सहित जनपद की समस्त तहसीलों में अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
विदित हो कि तीन दिन पूर्व हैदरगढ़ क्षेत्राधिकारी द्वारा अधिवक्ता
अरविन्द बाजपेई के साथ न सिर्फ बदसलूकी की गई। बल्कि उनके विरूद्ध ही
मुकदमा दर्ज किया गया। जब अधिवक्ता ने मुकदमा दर्ज करने की बात कही तो
सीओ द्वारा साफ मना कर दिया गया। इस पर बीते एक दिन पहले जिला बार
एसोसिएशन के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय का
घेराव किया और डीएम से सीओ हैदरगढ़ के विरूद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग
की। जिलाधिकारी ने साफ तौर पर मुकदमा दर्ज करने से मना कर दिया। इसके
उपरान्त जिला बार एसोसिएशन के आह्वान पर आज जनपद की समस्त तहसीलों पर
अधिवक्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। सुबह करीब 11 बजे जिला बार
एसोसिएशन अध्यक्ष रघुराज प्रताप वर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ताओं
ने राजमार्ग जाम कर जिला प्रशासन एवं पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
डीएम-एसपी मुर्दाबाद, जिला प्रशासन मुर्दाबाद, दामादों की सरकार नहीं
चलेगी, आदि नारों से पूरा कचेहरी परिसर गुंजायमान हो उठा। मौके की
गम्भीरता को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम नवाबगंज नीलम यादव
मौके पर पहुंचीं और अधिवक्ताओं से रोड जाम खाली करने को कहा। साथ ही
आश्वासन दिया कि जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचिये, वहीं वार्ता होगी। समस्त
अधिवक्ता रोड जाम खाली करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। लेकिन उसके
बाद प्रशासनिक अधिकारी तो जैसे गायब हो गये। जिला बार एसोसिएशन महामंत्री
प्रदीप सिंह ने कहा कि अब हमारी जंग समाजवादी पार्टी सरकार के खिलाफ है।
आगामी विधानसभा चुनाव 2017 में हम दिखा देंगे कि अधिवक्ताओं की एकता क्या
होती है। जंग आर-पार की होगी। यह भी तय है कि जीत हमारी ही होगी।
अधिवक्ता शंकर दयाल शर्मा ने कहा कि कार्य बहिष्कार आखिरी निर्णय तक जारी
रहेगा। अधिवक्ता भानु प्रताप सिंह ने कहा कि आज हम काले अंग्रेजों से लड़
रहे हैं। इन भ्रष्टाचारी एवं क्रूर शासकों को मुंहतोड़ जवाब देना ही होगा।
यह तभी हो पायेगा जब हम सब एक राय और एक मत हो जायेंगे। जिला बार
एसोसिएशन अध्यक्ष रघुराज प्रताप वर्मा ने कहा कि डीएम और एसपी जनता के
नौकर होते हैं। जनता और नौकर आज तानाशाह बनकर बैठे हैं। हम लोग यह कतई
बर्दाश्त नहींे करेंगे। उन्होनें कहा कि रोज हम लोग विरोध प्रदर्शन कर
कार्य बहिष्कार करेंगे। यह विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक
अधिवक्ताओं को न्याय नहीं मिल जाता। हम चाहते तो 156(3) के तहत न्यायालय
द्वारा मुकदमा दर्ज करवा सकते थे। लेकिन तानाशाहों को उनकी तानाशाही की
हद दिखानी है। अधिवक्ताओं के विरोध प्रदर्शन दौरान काफी संख्या में पुलिस
बल तैनात दिखायी दिया। विरोध प्रदर्शन में सौरभ वर्मा, रामसूरत यादव,
रितेश मिश्र, कमलेश चंद्र शर्मा, दिलीप गुप्ता, चंद्रबख्श सिंह, हेमंत
मिश्रा, रामअवध यादव, प्रशांत श्रीवास्तव, विनोद रावत, ईश्वर चंद्र
वर्मा, राहुल अवस्थी, शिवा शर्मा, हिसाल बारी किदवाई सहित सैकड़ों
अधिवक्ता मौजूद रहे।

Related

UP 2732984465158440006

Post a Comment

emo-but-icon

Recent

Comments

item