अल्पसंख्यक के डायरेक्टर इज़हार ने अपने घर पर मंत्री और कप्तान को किया सम्मानित
अजमी रिज़वी
बाराबंकी । जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण निष्पादित कराए जाने, अपराधों पर अंकुश लगाने एवं अपराधियों के विरूद्ध त्वरित कार्यवाही करने के लिए विख्यात पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद को सम्मानित किया गया। यह आयोजन नगर के कटरा मोहल्ला स्थित उप्र वित्त विकास निगम के निदेशक इज़हार हुसैन के आवास पर सम्पन्न हुआ। इस आयोजन को जश्न-ए-सेहत और जश्न-ए-हमीद के रूप में मनाया गया।
उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा मंत्री हाजी फरीद महफूज किदवई रहे। सभा की अध्यक्षता समाजवादी चिंतक एवं गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट के अध्यक्ष राजनाथ शर्मा ने की।
समारोह के दौरान संयोजक इजहार हुसैन ने प्रतीक चिन्ह एवं गुलदस्ता भेंट करके एसपी अब्दुल हमीद और मंत्री हाजी फरीद महफूज किदवई का स्वागत किया। इजहार हुसैन ने कहा कि इंसान की पहचान उसके किरदार से होती है। जो उसे सबका अज़ीज बना देती है। अब्दुल हमीद ने प्रशासनिक पद पर रहते हुए जनता के बीच जो पहचान बनायी है, वह उनके मिलनसार व्यक्तित्व को दर्शाता है। यह अभिनंदन उनके किरदार का है। जिसका उन्होनें पूरी ईमानदारी से निर्वहन किया।
मुख्य अतिथि हाजी फरीद महफूज किदवई ने कहा कि पुलिस हमारे समाज का एक अंग है। पुलिस के न रहने पर कानून व्यवस्था ध्वस्त हो जाएगी। बहुत कम ऐसे अवसर आते है जब जनता पुलिस का सम्मान करती है। मेरी पुलिस के प्रति अच्छी सोंच नहीं थी, लेकिन अब्दुल हमीद के कार्यों से प्रभावित होकर खुद को रोक नही पाया। समाज में अच्छे काम करने वालों का सम्मान होना चाहिए।
समारोह में सम्मानित हुए पुलिस कप्तान अब्दुल हमीद ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाराबंकी की जनता से जो स्नेह और प्रेम मिला उसका मैं जीवन भर ऋणी रहूंगा। यह सम्मान मेरा नही बल्कि दिन-रात आम जन की सुरक्षा में सजग रहने वाली पूरी पुलिस टीम का है। जिसके बिना कोई भी मिशन पूरा नहीं हो सकता। यहां की जनता ने पुलिस के प्रति जो सहानभूति दिखायी है, वह बहुत कम देखने को मिलती है। आगे भी जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास जारी रहेगा।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे समाजवादी चिंतक राजनाथ शर्मा ने कहा कि लोकसेवक का दायित्व यही होता है कि वह अपने आचरण और कार्यशैली से जनता का दिल जीत ले। अब्दुल हमीद ने अपने उसी दायित्व पूरी ईमानदारी से निभाया। जिसका जीता जागता उदाहरण आज का यह आयोजन है।
समारोह का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता हुमायूं नईम खान ने किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व एमएलसी गयासुददीन किदवई, सरवर अली खान, शहर ईदगाह इमाम मौलाना अबू ज़र, फतेहपुर ईदगाह इमाम मौलाना हबीब कासमी, डा कुलदीप सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अमीर हैदर, फवाद किदवई, अताउर्रहमान किदवई, अता-ए-वारिस, बृजेश दीक्षित, उमेर किदवई, कौशल किशोर त्रिपाठी, अनवर अली, अनवर महबूब, एसडीएम सदर नीलम यादव, एएसपी शफीक अहमद, सीओ सिटी विशाल विक्रम सिंह, सीओ फतेहपुर डीके सिंह सहित कई गणमान्य लोग एवं कई थानों के प्रभारी व पुलिस कर्मी मौजूद रहे ।
