शेड्यूल बनने के बाद भी नहीं हो रही विद्युतापूर्ति
https://husainijnp.blogspot.com/2016/05/blog-post_777.html
जौनपुर। मछलीशहर विद्युत उपकेन्द्र पर 5 केवीए का ट्रांसफार्मर विगत 4 माह से जला हुआ है जिसके चलते मधुपुर फीडर के लगभग 200 गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को शेड्यूल के अनुसार विद्युतापूर्ति नहीं मिल पा रही है। उसका कारण यह है कि दूसरे ट्रांसफार्मर से जोड़कर 2-4 घण्टे आपूर्ति देकर विभागीय लोग अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ले रहे हैं। इसके कारण इस फीडर के किसानों की रबी की फसल सिंचाई के लिये बर्बाद हुई, साथ ही जायद व सब्जी की फसलों के लिये भी ग्रहण लग चुका है। उपभोक्ता कई महीनों से रोशनी व पंखे की हवा के लिये तरस रहे हैं। जिलाधिकारी द्वारा कण्ट्रोल कक्ष खोलने से आशान्वित तहसील दिवस पर कई दर्जन उपभोक्ता पहुंचकर अपनी व्यथा बताये तो एसडीओ एम. प्रसाद ने बताया कि शीघ्र ही ट्रांसफार्मर लग जायेगा। 2-3 दिन में सामान आना शुरू हो जायेगा। जब 3 दिन बीत गये तो उपभोक्ता जेई विकास यादव से मिले तो उन्होंने बताया कि 15 दिन से पहले कोई उम्मीद मत करिये। इससे भी अधिक समय लग सकता है। उपभोक्ता जहां सूखे की मार झेल रहे हैं, वहीं अघोषित विद्युतापूर्ति से सारे दावे बेमानी साबित हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर सभी दलों के जनप्रतिनिधि भी चुप्पी साधे बैठे हैं जिसका परिणाम यह है कि शासन-प्रशासन व विभाग जनता की समस्या को अनदेखी कर रहे हैं जिसका प्रणाम जनता भुगत रही है। कुल मिलाकर सारे सरकारी दावे कागजी ही साबित होकर रह गये हैं।

