चोरी प्रकरण में थानाध्यक्ष बक्शा लाइन हाजिर
https://husainijnp.blogspot.com/2016/06/blog-post_173.html
जौनपुर। कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ अधिवक्ता ओम प्रकाश मिश्र के घर हुई चोरी का खुलासा करने में विफल रहे थानाध्यक्ष बक्शा को आरक्षी अधीक्षक ने अंततः मंगलवार को लाइन हाजिर कर दिया। मालूम हो कि बक्शा थाना क्षेत्र के ढेरापुर गांव निवासी कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ अधिवक्ता ओम प्रकाश मिश्र के घर 15 मार्च की रात लाखों रूपये के गहने चोरी हो गये थे। मुकदमा दर्ज कर मामले में लगे थानाध्यक्ष विनोद यादव चोरों को पकड़ने में नाकाम रहे। इतना ही नहीं, आरोप है कि थानेदार चोरों के बजाय पीड़ित परिवार को ही टार्चर कर रहे थे। कलेक्ट्रेट बार का प्रतिनिधिमण्डल कई बार जिलाधिकारी व आरक्षी अधीक्षक से भी मिला। इस पर जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष को चोरी का खुलासा करने का निर्देश भी दिया था, फिर भी वह नाकाम दिखे। अंततः बार के अधिवक्ताओं ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। 6वें दिन डीएम व एसपी ने अधिवक्ताओं से वार्ता करके चोरी का खुलासा करने के लिये 10 दिन की मोहलत मांगी थी लेकिन इसके बाद भी थानाध्यक्ष खुलासा नहीं कर सके। इस पर अधिवक्ताओं ने सोमवार को आरक्षी अधीक्षक रोहन पी. कनय से मुलाकात करके थानाध्यक्ष की लापरवाही के बारे में अवगत कराया। इसको गम्भीरता से लेते हुये आरक्षी अधीक्षक ने थानाध्यक्ष बक्शा विनोद यादव को लाइन हाजिर कर दिया।

