पूर्व सांसद धनंजय सिंह की बसपा में नहीं होगी वापसी : कुरील
जौनपुर । पूर्व सांसद एवं बाहुबली धनंजय सिंह को बहुजन समाज पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा। यह कहना है कि बसपा के कोआर्डिनेटर रामकुमार कुरील का। मंगलवार को वह पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद धनंजय सिंह को पार्टी में वापस नहीं लिया जायेगा। बसपा सुप्रीमो मायावती ने कार्यकर्ता की भावनाओं को ध्यान में रखकर फैसला लिया है। ज़िले की कोई भी सीट पर प्रत्याशी नहीं बदले जायेंगे। यह खबर मिलते ही जितनी खुशी पूर्व सांसद धनंजय सिंह के पार्टी में वापसी की हुई थी उतना ही ज्यादा कष्ट उनके बसपा में वापस न लिये जाने का उनके समर्थकों को होगा। फिलहाल इस खबर से एक बार फिर जिले की राजनीति ने करवट ले लिया है। अब तक जितने गुणा गणित बैठाये जा रहे थे सभी को एक झटके में फेल कर दिया गया है। साथ ही बसपा के उन प्रत्याशियों के लिए भी अच्छी खबर है कि उनका टिकट अब पक्का हो चुका है और कटने का अब कोई चांस नहीं है।
बसपा के कोआर्डिनेटर रामकुमार कुरील की मानें तो पूर्व सांसद धनंजय सिंह को पार्टी में वापस ही नहीं लिया गया था। पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी की पैरवी पर पूर्व सांसद की वापसी होनी थी लेकिन बहन जी ने ऐसा करने से मना कर दिया था। फिलहाल जो भी हो पूर्व सांसद के बसपा में वापस न लिये जाने से उनके समर्थक में मायूसी जरूर होगी लेकिन यह भी विश्वास होगा कि बिना किसी पार्टी के ही पूर्व सांसद अपने दम पर ही जिले की राजनीतिक में हड़कम्प मचा सकते है।
