तहसील दिवस में डीएम-एसपी ने 16 मामलों का किया निबटारा
https://husainijnp.blogspot.com/2016/10/16_18.html
जौनपुर। जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टेªट में स्थित प्रेक्षागृह में सदर तहसील दिवस का आयोजन हुआ जहां कुल 118 फरियादियों ने प्रार्थना पत्र दिया जिस पर मौके पर 16 का निस्तारण करते हुये शेष को सम्बन्धित अधिकारियों को ससमय निस्तारित करने का आदेश जारी हुआ। इस मौके पर जिलाधिकारी ने दो प्रार्थना पत्र कानूनगो द्वारा जमीन की पैमाइस न करने के सम्बन्ध में पाये जाने पर कानूनगो सदर दूधनाथ द्वारा चकमार्ग को पैमाइस कर न खाली कराने व कल्लू राम कानूनगो बक्सा द्वारा जमीन पर कब्जा न देने की जानकारी होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुये दोनों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करने का आदेश दिया। साथ ही जिलाधिकारी ने 22 लम्बित शिकायतों के निस्तारण हेतु जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि 19 अक्टूबर को गुणवत्तायुक्त निस्तारण करके सूचना तहसीलदार सदर को उपलब्ध करायें, अन्यथा 20 तारीख को उनका वेतन रोक दिया जायेगा। इसी क्रम में पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम बनाकर मौके पर भेजकर निस्तारित करने का निर्देश जारी हुआ। इस अवसर पर आरक्षी अधीक्षक अतुल सक्सेना, मुख्य विकास अधिकारी शीतला प्रसाद, मुख्य चिकित्साधिकारी डा रविन्द्र कुमार, डिप्टी कलेक्टर राहुल विश्वकर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत एससी सोनौदिया, जिला कृषि अधिकारी एके चौबे, तहसीलदार केएन तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

