अखिलेश आज समर्थक विधायकों संग बैठक करेंगे,बड़े फैसलों की उम्मीद
https://husainijnp.blogspot.com/2016/10/blog-post_684.html
शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
मुख्यमंत्री ने पार्टी विधायकों व एमएलसी की बैठक अपने आवास पर सुबह 11 बजे बुलाई है। बताया जा रहा है कि इसमें अखिलेश समर्थक विधायक ही शिरकत करेंगे। इस तरह अखिलेश समर्थक इसे बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर पेश करने की तैयारी में हैं। संगठन में अपना असर सीमित हो जाने के बाद टीम अखिलेश अब विधायकों में अपना असर दिखाना चाहती है। शिवपाल समर्थक विधायकों पर ज्यादा भरोसा नहीं दिख पा रहा है। इसलिए ऐसे विधायकों, मंत्रियों व एमएलसी की गैरमौजूदगी से बड़े संकेत मिल सकते हैं।
इस बैठक में कई मंत्रियों पर कार्रवाई होने के भी आसार हैं। बताया जा रहा है कि इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव समेत करीब पांच दर्जन से ज्यादा मंत्री, विधायक व एमएलसी को रात तक बैठक में आने की सूचना नहीं दी गई।
असल में शनिवार को सुलह समझौते की कोशिशों से भी बात बनती नहीं दिखी। विधायकों की इस अहम बैठक पर शिवपाल समर्थकों की भी निगाह लगी हुई है। यूथ विंग का पुनर्गठन हो जाने व उदयवीर सिंह के निष्कासन के बाद अब युवा समर्थक मुख्यमंत्री पर निर्णायक फैसला लेने का दबाव बन रहे हैं।

