बसपा की तुलना में कांग्रेस सपा से ज्यादा नजदीक : राजबब्बर
https://husainijnp.blogspot.com/2016/11/blog-post_15.html

मायावती नेक नेता लेकिन कुछ फैंसलों से हमें परेशानी
बब्बर ने कहा कि मायावती कहती हैं कि 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी के वोट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खाते में चले गये। वास्तव में यह एक गंभीर मसला है। मायावती जी एक नेक महिला है मगर उनके कुछ फैसलों से हमें परेशानी हुई है। उन्होने कहा कि राजनीति संभावनाओं से लबरेज है। इस क्षेत्र में कुछ भी असंभव नही है। कांग्रेस हमेशा से आशावादी रही है। हम हमेशा उन लोगों के साथ काम करेंगे जिनके दिल और दिमाग खुले हुये हैं। बब्बर ने कहा कि इस महीने के आखिर तक पार्टी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी जायेगी। कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका वाड्रा उत्तर प्रदेश चुनाव के दौरान पार्टी के लिये व्यापक प्रचार करेंगी।
प्रियंका इस बार पार्टी के पक्ष में व्यापक प्रचार करेंगी
उन्होने दावा किया कि वाड्रा के प्रचार कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी और समय का इंतजार किया जा रहा है जिसके बाद एक तय योजना के तहत प्रचार शुरू किया जायेगा। इतना तय है कि प्रियंका इस बार पार्टी के पक्ष में व्यापक प्रचार करेंगी। बब्बर ने दोहराया कि हाल ही में प्रशांत किशोर और सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के बीच बैठक जरूर हुयी थी मगर इसमें गठबंधन के बारे में कोई चर्चा नही हुयी। यह एक निजी मुलाकात थी। पार्टी हाईकमान ने अब तक किसी को इस मसले में बात करने की अधिकृत नही किया है। राज्यसभा सदस्य ने कहा Þ हम देश में धर्मनिरपेक्षता को लेकर संजीदा है। धर्मनिरपेक्ष दलों की एकता जरूरी है और इसके लिये हमे मिलजुल कर काम करना होगा। धर्मनिरपेक्षता के मसले पर सपा अगर आवाज बुलंद करती है तो उसका स्वागत किया जाना चाहिए।
बब्बर ने कहा कि मेरे लिए यह कहना कठिन होगा कि निकट भविष्य में सपा के साथ कोई बातचीत की जाएगी मगर मै कह सकता हूं कि गांधी लोहिया के सिद्धांतों की रक्षा के लिए हम कुछ भी करने को तैयार हैं। अन्य छोटे दलों के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन के बारे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा Þ हम राज्य में अब तक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ हैं जबकि बिहार में जनता दल (यूनाइटेड) के साथ हमारी गठबंधन सरकार है। दोनो दल अब भी हमारे सहयोगी हैं। सपा के स्थापना दिवस की रजत जयंती पर कांग्रेसी नेताओं की शिरकत के बारे में पूछे जाने पर बब्बर ने कहा कि पहले आमंत्रण मिलने दीजिये उसके बाद ही इस मामले में कोई निर्णय लिया जाएगा। उन्होने कहा कि पार्टी अब बडी रैलियां करने की तैयारी में है जिनमें कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य कद्दावर नेता शिरकत करेंगे। दस नवम्बर को राहुल गांधी संदेश यात्रा की समाप्ति के साथ ही पार्टी की यात्राओं का समापन हो जायेगा। इसके बाद रैलियों के जरिये लोगों के बीच जाने का सिलसिला शुरू होगा।
