जयंती के बाद अब विजय बहुगुणा ने की बगावत!
https://husainijnp.blogspot.com/2015/01/blog-post_614.html
देहरादून। उत्तराखंड में सत्तारूढ कांग्रेस में गुटबाजी चरम पर पहुंच गई है और पूर्व सीएम विजय बहुगुणा सीएम हरीश रावत के खिलाप बगावत पर उतर आए हैं। ये गुटबाजी आज उस समय खुलकर सामने आ गई जब पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने 15 फरवरी को पार्टी की सरकार के खिलाफ ही आक्रोश रैली करने की चेतावनी दे दी।
बहुगुणा ने मुख्यमंत्री हरीश रावत को पत्र लिखकर कहा है कि उनके निर्वाचन क्षेत्र सितारगंज में कुछ श्रेणी की जमीन के नियमितीकरण के लिए नियमावली बनी थी और उनके नेतृत्व वाली सरकार ने इसे मंजूर कर लिया था, लेकिन उसे लागू नहीं किया गया। उनके इस्तीफे के बाद राज्य में रावत के नेतृत्व में नई सरकार का गठन हुआ तो उन्होंने इस नियमावली को कैबिनेट से मंजूरी दिलाने के लिए कई बार मुख्यमंत्री को पत्र लिखा लेकिन उनके अनुरोध पर ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वह इन मुद्दों को कैबिनेट में लाकर लंबे समय से उठ रही जनता की मांग को पूरा करें। उन्होंने लिखा कि इस विषय में वह कई बार अनुरोध कर चुके हैं लेकिन एक साल से उनका अनुरोध लंबित है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह सरकार को एक पखवाड़े का समय दे रहे हैं और यदि कैबिनेट तत्काल फैसला नहीं लेती तो जनहित में वह 15 फरवरी को आक्रोश रैली करेंगे। उन्होंने कहा कि इस नियमावली को मंजूरी मिलने से राज्य के तराई क्षेत्र के पट्टाधारकों को राहत मिलेगी।

