स्कर्ट बैन के खिलाफ छात्रों का कॉलेज के बाहर प्रदर्शन
https://husainijnp.blogspot.com/2015/06/blog-post_97.html
कोलकाता। महानगर के प्रतिष्ठित स्काटिश चर्च कॉलेज के बाहर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्र कॉलेज में स्कर्ट पर बैन का विरोध कर रहे हैं। गुस्साए छात्रों ने इसे तानाशाही करार देते हुए इसका जमकर विरोध किया। इन छात्रों का कहना है कि वो कॉलेज प्रशासन के इस रवैया का बहिष्कार करते हैं। हमें अपने कपड़े चुनने का पूरा अधिकार है। इसके साथ ही छात्रों ने ये भी पूछा कि रविवार के दिन कॉलेज कोई नोटिस कैसे जारी कर सकता है।
बता दें कि कोलकाता के एक कॉलेज ने छात्रों को अपरंपागत कपड़े पहनकर कॉलेज आने के लिए कहा है। शहर के स्कॉटिश चर्च कॉलेज ने गोल गले की टीशर्ट और छोटी और कटी हुई स्कर्ट्स पहनने पर बैन लगा दिया है। कॉलेज के इस फैसले की छात्रों और शिक्षाविदों ने निंदा की है। कॉलेज प्रशासन ने एक नोटिस लगाया है जिसमें लिखा है कि कॉलेज पहनकर आने वाले कपड़ों से सीखने के माहौल की गंभीरता और महत्व परिलक्षित होना चाहिए। इसीलिए परिसर में छात्रों के कपड़े नम्रता, स्वच्छता और सुरक्षा पर आधारित होने की उम्मीद है।
नोटिस के मुताबिक, कॉलेज सिफारिश करता है कि छात्र ऐसी अपरंपरागत और साधारण कपड़ों में कॉलेज आएं जो कि शैक्षिक वातावरण के लिए उपयुक्त हों। कैप्शन लिखे टी-शर्ट्स और टॉप्स पर बैन लगाने के अलावा कॉलेज प्रशासन द्वारा लगाए गए नोटिस में लिखा है कि केवल पूरी लंबाई वाली पैंट और घुटनों तक लंबी स्कर्ट्स पहनकर ही छात्र कॉलेज आ सकते हैं।
लड़कों के बालियां और स्टड पहनने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि साड़ी और सलवार कमीज भी अच्छे ढंग से पहनी जानी चाहिए। छात्रों के एक समूह ने दावा किया कि परामर्श किए बिना उन पर ड्रेस कोड थोपा गया है। उन्होंने कहा कि वे इस फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।
