जिंदा शख्स पर चलाया रोड रोलर और बना डाली सड़क !
https://husainijnp.blogspot.com/2015/09/blog-post_84.html
कटनी, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश में एक जिंदा शख्स के ऊपर सड़क बना देने का विचित्र मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के कटनी में बेहोश पडे़ 45 साल के एक शख्स पर सड़क बनाने के दौरान शनिवार को कथित तौर पर मुरम डालकर पाट दिए जाने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सड़क निर्माण कंपनी के डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) कमला जोशी ने बताया कि मृतक की पहचान लटोरी बर्मन के रूप में की गई है। वह शुक्रवार शाम को कुंआ गांव में मेला देखने गया था। वापस लौटने के दौरान नशे में होने के कारण वह निर्माणाधीन सड़क पर गिर गया। इसके बाद सड़क निर्माण में लगे डंपर ने रात में उस पर मुरम डाल दी और रोड रोलर ने मुरम को समतल कर बर्मन को कथित तौर पर दफन कर दिया | उन्होंने कहा कि दूसरे दिन सुबह जब बर्मन घर नहीं पहुंचा तो परिजन ने उसकी खोज की तब देखा घर के सामने निर्माणाधीन सड़क पर मलबे में बहुत खून और युवक की चप्पले पड़ी हुई थीं। जब गौर से पास जाकर देखा तो उसका शव सड़क के मलबे की नीचे दबा हुआ था। जोशी ने बताया कि पुलिस ने युवक के शव को बरामद कर इसका पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया है |

