फ्रिज से निकालकर फल खाए, फिर घर से लाखों उड़ाए
https://husainijnp.blogspot.com/2015/09/blog-post_94.html
गाजियाबाद। साबिबाबाद के राजेंद्र नगर सेक्टर-3 के आठवें ब्लॉक में चोरी की एक अजीब घटना सामने आई है। यहां रेलवे के रिटायर्ड असिस्टेंट पर्सनल अफसर सत्यपाल धवन के बंद मकान ने चोरों ने लाखों का सामान चुरा लिया। चोरों ने फ्रिज में रखे हुए फल भी नहीं छोड़े।
राजेंद्र नगर सेक्टर-3 में रहने वाले सत्यपाल धवन और उनकी पत्नी शुक्रवार शाम कौशांबी में अपने दामाद के घर गए थे। रविवार सुबह जब वह वापस लौटे तो अंदर ड्राइंग रूम का ताला और लॉक टूटा मिला। कमरे में अलमारी खुली हुई थी और सारा सामान बिखरा हुआ था | जानकारी के मुताबिक, चोरों ने करीब पांच लाख की ज्वैलरी और पचास हजार की नकदी पर हाथ साफ कर लिया था। जांच करने पहुंची पुलिस को मौके से खाए हुए अनार और सेब के टुकड़े भी मिले। जिससे पता चला कि चोरों ने फल खाते हुए चोरी की घटना को इत्मीनान से अंजाम दिया। ऐसा अंदेशा है कि उन्हें मकान मालिकों के अगले दिन लौटने की जानकारी पहले से रही होगी।
मकान मालिक सत्यपाल ने बताया कि दामाद के घर जाने से पहले ही वह अनार और सेब खरीदकर लाए थे और उसे फ्रिज में रख दिया था। चोरों ने उसे खाकर छिलका जहां-तहां फेंक दिया।
पुलिस ने जानकारी दी कि मामले की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठा कर लिए हैं |

