NRHM घोटाला: ‘बड़ी साजिश’ का खुलासा करने को मायावती से पूछताछ करेगी CBI
https://husainijnp.blogspot.com/2015/09/nrhm-cbi.html
नई दिल्ली। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) घोटाले की सीबीआई जांच की आंच अब उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की चौखट तक पहुंच गई है जिनसे जांच एजेंसी इस मामले में बहुत जल्द पूछताछ करने वाली है।
इस मामले में 74 प्राथमिकियां और 48 आरोप पत्र दायर किए जाने के बाद सीबीआई ने ‘घोटाले में बड़ी साजिश का खुलासा करने’ के लिए मायावती से पूछताछ का फैसला किया है | सीबीआई सूत्रों ने दावा किया कि कुछ नए सबूत हाथ लगे हैं जो दो मुद्दों पर पूर्व मुख्यमंत्री की भूमिका की जांच करने को जरूरी बताते हैं। इनमें एक मुद्दा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग को बांटने और दूसरा जिला परियोजना अधिकारियों के 100 से अधिक पद तैयार करने से जुड़ा है। इन अधिकारियों को ही कथित भ्रष्टाचार में कथित तौर पर मददगार माना जाता है।
मायावती उस वक्त मुख्यमंत्री थीं जब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को अलग अलग किया गया। आरोप है कि इस विभाग को बांटा गया ताकि एनआरएचएम के धन को सीधे तौर पर परिवार कल्याण विभाग के अधीन लाया जा सके। इस विभाग के मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा थे जिनके खिलाफ सीबीआई पहले ही आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है |

