दादरी कांड में तीन नाम, चाहे सरकार कुर्बान हो जाए कार्रवाई करेंगे: मुलायम
https://husainijnp.blogspot.com/2015/10/blog-post_84.html
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के दादरी में गोमांस खाने की अफवाह के चलते अखलाक की हत्या मामले में सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह ने पहली बार चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने लोगों से शांति से रहने और सद्भावना बनाए रखने की अपील की है। मुलायम सिंह ने कहा कि कुछ लोग देश और प्रदेश का माहौल खराब करना चाहते हैं। वह सोचते हैं कि प्रदेश का माहौल खराब करके उनको चुनावी फायदा होगा। लेकिन वे गलत सोचते हैं।
मुलायम सिंह ने मीडिया से कहा कि आप सबसे अपील है उत्तर प्रदेश में सद्भाव बना रहे। इसी दिशा में भाषा, लेख लिखते समय कलम चलाएं। असली घटना जो है वो आपको अलग से बता देंगे। तीन नाम सामने आए हैं लेकिन उनमें कितनी सच्चाई है ये जांच हो रही है। मुज़फ्फरनगर में साज़िश की गई थी और यहां भी साज़िश की गई है। दादरी कांड में मुजफ्फरनगर में दंगा भड़काने वालों का हाथ है | माननीय राष्ट्रपति को धन्यवाद करते हैं कि ऐसे मौके पर उनका बयान आया, उनका धन्यवाद। मुलायम ने इशारों में कहा कि चोर नहीं चोर की नानी पर पकड़ो। साम्प्रदायिक तत्वों को फ़ैलाने की कोशिश कौन कर रहा है। सामने तीन नाम आए हैं, अगर वो सही हैं तो चाहे सरकार कुर्बान हो जाए, उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
दादरी में इखलाक की हत्या पर दुख प्रकट करते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि वह और पूरी पार्टी परिवार के साथ खड़ी है। किसी के साथ गलत नहीं होने दिया जाएगा। इस मामले में आजम खान के यूएन को पत्र लिखने पर मुलायम ने कहा कि ये पार्टी का मामला है हम आपस में तय कर लेंगे। उन्होंने माननीय राष्ट्रपति को भी धन्यवाद कहा कि ऐसे मौके पर उनका बयान आया |

