79.4 प्रतिशत हुआ मतदान चार ब्लाकों के 366 प्रधानों का भाग्य मतपेटियों में बंद, मतदाताओं में दिखा जोश
https://husainijnp.blogspot.com/2015/11/794-366.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। प्रधानी चुनाव का पहला चरण शनिवार को छिटपुट मामलों के साथ सम्पन्न हुआ। पहले चरण के मतदान में 366 प्रधान व 4538 सदस्यों का भाग्य मतपेटियों में मतदाताओं ने बंद कर दिया। चार ब्लाको में 6 लाख 31
हजार मतदाताओं को मतदान करना था। 79.4 प्रतिशत मतदान की पुष्टि की गयी। चुनाव के पले चरण में युवाओं से लेकर बुजुर्गो तक महिलाओं से लेकर युवतियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र व पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद स्वयं मतदान केन्द्रो का जायजा लेते रहे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सम्पन्न हुये पहले चरण में बीएलओ द्वारा की गयी। खामियों के चलते हजारों लोग मतदान से वंचित भी रहे। रामनगर विकास खण्ड 960 प्रधान प्रत्याशी मैदान में है तो ग्राम सदस्य के 1007 प्रत्याशी। 223 मतदान स्थलों पर 76 ग्राम पंचायतों का चुनाव सम्पन्न हुआ। सूरतगंज ब्लाक की एक सौ तीन ग्राम पंचायतों में 256 मतदान स्थल बनाये गये थे। यहां प्रधान पद के 810 प्रत्याशी व सदस्य के 1156 प्रत्याशी चुनावी समर में मौजूद थे। फतेहपुर विकास खण्ड की 99 ग्राम पंचायतों में 258 मतदान स्थल बनाये गये हैं। यहां से 685 प्रधान प्रत्याशी व एक हजार 95 सदस्य प्रत्याशी मैदान में है। इसी तरह निन्दूरा की 88 ग्राम पंचायतों में 268 मतदान स्थल बनाये गये। 1485 सदस्य व 702 प्रधान प्रत्याशियों के भाग्य का मतपेटी में बंद किया गया। छः सौ वार्डो में प्रत्याशियों का नामांकन न होने के चलते ग्राम सदस्य का चुनाव ही नही हुआ। कोरन न पूरा होने पर उक्त सदस्यों की ग्राम पंचायतों को गठन अधर में होगा। 9 दिसम्बर को चौथे चरण के मतदान में बाद 12 दिसम्बर को मतगणना के बाद 15 दिसम्बर को ग्राम पंचायतों का गठन किया जायेगा।
मतपेटी जमा करने की करते रहे जद्दो जहद
बाराबंकी। पंचायत चुनाव के पहले चरण में देर रात तक निश्चित केन्द्रो पर पोलिंग प्रभारी मतपेटिया जमा करने के लिये जूझते नजर आये। महिला मतदान कर्मियों को न सिर्फ भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा बल्कि उनके साथ मासूम बच्चे भी ठण्ड में ठिठुरते रहे। बुजुर्ग कर्मियों की हालत सबसे ज्यादा खराब नजर आयी। किसी की सांस फूल रही थी तो कोई भूख प्यास से ब्याकुल नजर आया। देर रात तक चुनाव डयूटी में लगे कर्मचारियों के परिजन भी केन्द्रो पर इकट्ठा रहे।
169 मतदान कर्मिकों पर डीएम ने दिये एफआईआर दर्ज करने के आदेश
बाराबंकी। जनपद में प्रथम चरण का मतदान सम्पन्न कराने के लिए नियुक्त मतदान कार्मिकों में से अनुपस्थित कार्मिकों के विरूद्ध जिला मजिस्ट्रेट योगेश्वर राम मिश्र ने कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी और जिला विकास अधिकारी को दिये है। जिला विकास अधिकारी द्वारा बताया गया कि मतदान सम्पन्न कराने के लिए मतदान कार्मिकों को 27 नवम्बर को सम्बन्धित विकास खण्ड के प्रस्थान स्थल पर पहुंचना था। विकास खण्ड फतेहपुर में 34, रामनगर में 30, सूरतगंज में 36 और निन्दूरा में 69 मतदान कार्मिक उपस्थित नहीं हुये। इन सभी मतदान कार्मिकों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। अनुपस्थित मतदान कार्मिकों में कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ सहायक कुशपाल सिंह, वन दरोगा अभय गौतम, गन्ना पर्यवेक्षक दिवाकर सिंह सहित 169 मतदान कार्मिक शामिल है।



