पूरे देश में हर्षोल्लास से मनाई जा रही दीपावली, राष्ट्रपति-पीएम ने दी बधाई
https://husainijnp.blogspot.com/2015/11/blog-post_60.html
प्रकाश पर्व दीपावली आज पूरे देश में पारंपरिक श्रद्धा और पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस मौके पर लोगों ने पूजा अर्चना की और दीए जलाए और बाद में आतिशबाजी भी की। दीपावली को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी सहित पूरे देश में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा कई अन्य प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को दीपावली की बधाई दी। मुखर्जी ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए देशवासियों से आज अपील की कि वे रोशनी के इस त्योहार को प्रदूषण मुक्त तरीके से मनाएं।
मुखर्जी ने ट्वीट किया, 'यह त्योहार हमारे देश के सभी वर्गों के लोगों के लिए खुशियां और समृद्धि लेकर आए।' उन्होंने कहा, 'मैं सभी भारतीयों से दीपावली का त्योहार प्रदूषण मुक्त तरीके से मनाने की अपील करता हूं।'
मोदी ने भी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लगातार दूसरे साल आज सैनिकों के साथ दीपावली मनाई और कहा कि दुनिया इनके पराक्रम और चरित्र के कारण भारत को सम्मान की नजर से देखती है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब 'वन रैंक वन पेंशन' के मुद्दे पर कई पूर्व सैनिक प्रदर्शन कर रहे हैं।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जतायी कि कि यह दीपावली उनके लिए समृद्धि और खुशियां लेकर आए।

