क्या आप जानते हैं, कभी कुत्तों के साइज के होते थे चूहे!
https://husainijnp.blogspot.com/2015/11/blog-post_914.html
लंदन। बड़े चूहों को देखकर अच्छे-अच्छों की घिग्घी बंध जाती है। पर क्या आपको पता है कि कभी चूहों का साइज कुत्तों के बराबर होता था? और उनका शिकार करके इंसान अपना पेट भरता था। अगर नहीं पता, तो हम आपको बता रहे हैं कि हजारों सालों पहले के जीवाश्मों से पता चला है कि चूहे कभी कुत्तों के साइज के होते थे और आम इंसान उनका शिकार करते थे। इस साइज के चूहे अब भी मिलते हैं, पर गिने-चुने। वो भी इंडोनेशिया या पापुआ न्यू गिनिया के जंगलों में।
ऑस्ट्रेलियन नेशनल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने पूर्वी तिमोर में शोध के दौरान पाए गए जीवाश्मों के आधार पर इसके बारे में जानकारी दी। शोधकर्ताओं के मुताबिक उस समय चूहे आज के चूहों से 10 गुणा बड़े होते थे। उनका वजन 5 किलोग्राम तक होता था, जो जंगलों में रहते थे। खास बात ये है कि इन चूहों का इंसान शिकार करके अपना पेट भरते थे। पर धीरे-धीरे जंगलों के सिमटने की वजह से ये भी विलुप्त होते गए और इंसानी बस्तियों की ओर अपने छोटे स्वरूप में सिमटते गए।
शोधकर्ताओं ने बताया कि इंडोनेशिया और पापुआ न्यू गिनी के जंगलों में अब भी ऐसे चूहे मिलते हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि मिले जीवाश्म 44 से 46 हजार साल पुराने हैं, जो दक्षिणी पूर्वी एशिया में बसे शुरुआती इंसानों के साथ रहते थे। शोधकर्ताओं ने कहा कि अब भी खुले माहौल में बड़े चूहे मिलते हैं। पर उनका साइज इतना नहीं बढ़ पाता, क्योंकि उस समय के हिसाब से अब वनों का विनाश हो चुका है। चूहों ने खुद को आज के हिसाब से जीना ढाल लिया है।

