यातायात का पालन करना हमे अनुशासन में रहना सीखाता है: ज्ञानंजय
https://husainijnp.blogspot.com/2015/11/blog-post_765.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। यातायात में चूक से बड़ी घटनायें हो जाती हैं। इसलिये सदैव यातायात के नियमों का पालन करना चाहिये। यातायात का पालन करना हमे अनुशासन में रहना सीखाता है। उक्त विचार यातायात नवम्बर माह के मौके पर गांधी भवन में बाराबंकी देवा फतेहपुर जहांगीराबाद टैक्सी यूनियन द्वारा आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुये अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने व्यक्त किये।
श्री सिंह ने कहा कि तेज रफ्तार से वाहन चलाना कानून अपराध है। ऐसे में चालक पर तो जुर्माना होता ही है साथ ही यदि कोई दुघर्टना घटित होती है। तो जान माल का भी नुकसान उठाना पड़ता है। यातायात के पालन से सड़क पर चलने वालों को काफी फायदा होता है। जिससे सड़क हादसो में कमी आती है। श्री सिंह ने कहा कि वर्ष के नवम्बर माह में यातायात माह इसलिये मनाया जाता है। क्योंकि लोगों को यातायात के नियमों की जानकारी मिल सके। इस मौके पर यातायात निरीक्षक बृजेश सिंह ने टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों एवं चालकों व परिचालकों को गुरुमंत्र देते हुये यात्रा के दौरान यातायात के नियमों का अनुपालन करने की बात कही। उन्होने कहा कि घर से निकलते समय मोटर साइकिल सवार अपना हेलमेट, गाड़ी से सम्बन्धित कागजात को लेकर ही चलें। साथ ही यात्रा करते हुये मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। गोष्ठी में उपस्थित समाजवादी चिंतक राजनाथ शर्मा ने कहा कि आरटीओं की अनदेखी से नाबालिग लड़कों का लाइसेंस बना दिया जाता है। जो सड़को पर फर्राटा भरते हुये गाड़ियां चलाते हैं। जिससे दुघर्टनायें घटित होती है। आरटीओं को इस पर पैनी नजर रखनी चाहिये। टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष आदिल अहमद खान ने गोष्ठी में आये हुये सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और उपस्थित चालकों ने यह संकल्प लिया कि वह यातायात के नियमों का पालन स्वयं करेंगे तथा दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। इस मौके पर मुख्य रुप से सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप सारंग, समाजसेवी मजहर अजीज खान, पाटेश्वरी प्रसाद, आटो अध्यक्ष मनोज पाठक, आटो महामंत्री नैमुल हक खां "कालू, आरक्षी राकेश कुमार, होमगार्ड राजकुमार यादव, मुजीब, पवन, सुनील मिश्रा, मनीष ठाकुर, श्रीनिवास तिवारी, सहित कई लोग मौजूद रहे।
