छोटा राजन की गिरफ्तारी से डरा पाक, दाऊद की सुरक्षा में सेना ने लगाए कमांडो !
https://husainijnp.blogspot.com/2015/11/blog-post_92.html
अपराध जगत के धुर विरोधी सरगना छोटा राजन की इंडोनेशिया में गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में अंडरवर्ल्ड डॉन और भारत के सर्वाधिक वांछित आतंकवादी दाऊद इब्राहिम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सूत्रों ने खुफिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि पाकिस्तान सेना के विशेष कमांडो कराची तथा इस्लामाबाद में दाऊद के आवास पर तैनात किए गए हैं जहां वह मुंबई में 1993 में हुए बम विस्फोटों के बाद पिछले दो दशक से भी अधिक समय से रह रहा है।
गैंगस्टर छोटा राजन की 25 अक्तूबर को बाली में हुई गिरफ्तारी के मद्देनजर दाऊद की सुरक्षा में सेना के कमांडो तैनात किए गए हैं। समझा जाता है कि इंडोनेशिया में प्रत्यर्पण संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद राजन को अगले कुछ दिनों में भारत ले आया जाएगा। इससे पहले दिन में, बाली में पूछताछ के लिए ले जाए जाते समय छोटा राजन ने संवाददाताओं को बताया कि दाऊद पाकिस्तान में आईएसआई की सुरक्षा में है।
पाकिस्तान अब तक दाऊद की अपने यहां मौजूदगी से इंकार करता रहा है लेकिन भारत का दावा है कि मुंबई में 1993 में हुए श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोट मामले में सर्वाधिक वांछित आतंकवादी दाऊद के ठिकाने कराची और इस्लामाबाद में हैं। नई दिल्ली ने भी भारत में आपराधिक गतिविधियों में दाऊद की संलिप्तता के बारे में इस्लामाबाद को कई डोजियर दिए हैं।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह कह चुके हैं कि दाऊद अपने ठिकाने बदलता रहता है लेकिन स्थायी रूप से पाकिस्तान में रह रहा है। उन्होंने संसद में भी कहा था कि सरकार दाऊद को वापस लाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार दाऊद को वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
छोटा राजन कभी दाऊद का करीबी विश्वस्त था लेकिन बाद में दोनों कट्टर प्रतिद्वन्द्वी हो गए। राजन का कहना है कि वह दाऊद से नहीं डरता। वर्ष 2000 में राजन पर जानलेवा हमला हुआ था। तब दाऊद के आदमियों ने बैंकाक के एक होटल में उसे पकड़ लिया था लेकिन छोटा राजन नाटकीय तरीके से भाग निकला था ।

