पुलिस फोर्स पूरी निडरता के साथ निष्पक्ष मतदान सम्पन्न कराये: डीएम
https://husainijnp.blogspot.com/2015/12/blog-post_6.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। ग्राम पंचायतों के चुनाव को शान्तिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट योगेश्वर राम मिश्र ने पुलिस बल को सख्त कार्रवाई करने की छूट देते हुए पुलिस लाइन परिसर में आयोजित बैठक में ऐलान किया कि पुलिस फोर्स पूरी निडरता के साथ निष्पक्ष मतदान सम्पन्न कराये। जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि आयोग की दिशा निर्देशों के तहत शुचिता पूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए अधिकारी केवल आयोग के निर्देशों के तहत काम करेंगे। जिला प्रशासन का उन्हें पूरा संरक्षण रहेगा। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए की गयी हर कार्रवाई में प्रशासन उनके साथ खड़ा है। जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस फोर्स को आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए हर कार्रवाई करने की छूट दी और कहा कि जो भी व्यक्ति आचार संहिता का उल्लघंन करे, उसके विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें। उन्होने समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि मतदान के दिन प्रातः 7 बजे मतदान कार्य शुरू करा दिया जाये। उन्होने पूरा भरोसा व्यक्त किया कि जिस तरह से पिछला पंचायत चुनाव शान्तिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ, उससे भी अच्छे माहौल में ग्राम पंचायत का चुनाव सम्पन्न होगा। जिला मजिस्ट्रेट ने जनपद के सभी थानाध्यक्षों को सचेत करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाये रखने में कोताही बरतने पर उनके विरूद्ध कार्रवाई होगी। मतदान केन्द्र पर पूरी शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए मतदान केन्द्र पर तैनात पुलिस के अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी सहित स्वयं डीएम और एसपी मतदान केन्द्रो का भ्रमण करते रहेंगे। डीएम ने पिछले चरणों में सकुशल मतदान सम्पन्न कराने के लिए साहस का प्रदर्शन करने वाले पुलिस के जवानों की तरीफ की। उन्होने कहा कि चुनाव के दौरान राम सनेही घाट क्षेत्र में तैनात नोएडा से आये कांस्टबल की मौत पर प्रशासन की पूरी संवेदना है। प्रशासन द्वारा उनके परिवार को शासन द्वारा दिये जाने वाले सारे क्लेम का भुगतान एवं अन्य कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित कराया जायेगा। उन्होने पिछले चरणों में हुये मतदान के दौरान के अनुभवों को साझा किया और कहा कि चुनाव के दौरान प्राप्त होने वाली छोटी से छोटी शिकायत पर अनिवार्य रूप से संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की जाये। उन्होने कहा कि अराजक और शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाये। उन्होने कहा कि शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
मतदान में गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्यवाही: एसपी
बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद ने निर्देश दिया कि मतदान केन्द्र के 200 मीटर के भीतर वोटर के अलावा कोई अन्य व्यक्ति न जा सके। इस 200 मीटर की परिधि में कोई भी व्यक्ति मोबाइल लेकर नहीं जा सकेगा। मतदान केन्द्र परिसर में किसी व्यक्ति द्वारा तरल पदार्थ अथवा पानी नहीं ले जाया जा सकेगा। मतदान केन्द्र के बाहर मतदाताओं को पर्ची देने के लिए प्रत्याशी एक मेज और दो कुर्सी रख सकेंगे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शान्तिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पूरी व्यवस्था कर ली गयी है। मतदान केन्द्र के अन्दर और मतदान केन्द्र से बाहर पुलिस की चुस्त दुरूस्त व्यवस्था की गयी है। मतदाता बिना किसी दबाव और भय के मतदान कर सके, इसके लिए पूरे इन्तजाम किये गये है। मतदान में रूकावट अथवा बाधा पैदा करने वाले अराजक तत्व जेल जायेंगे। चुनाव के दौरान गड़बड़ी करने की मंशा रखने वाले अराजक तत्वों को पहले ही चिन्हित कर उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पूरी आशा व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले मतदान से भी अधिक शान्तिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान सम्पन्न कराने में सम्बन्धित सभी अधिकारी एवं पुलिस फोर्स पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे। शान्तिपूर्ण और सुचारू रूप से तीसरे चरण का मतदान सम्पन्न कराने के लिए 10 जोनल मजिस्ट्रेट और 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किये गये है। इसके साथ ही सीडीओ और एडीएम सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाये गये है। इस अवसर पर एडीएम, एएसपी, सभी उपजिला मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी पुलिस, थानाध्यक्ष एवं पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

