सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत
https://husainijnp.blogspot.com/2015/12/blog-post_698.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। मोटर साइकिल से लखनऊ जा रहे एक 21 वर्षीय युवक की ट्रक के नीचे आ जाने से घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अमेठी जनपद के थाना मोहनगंज के अन्तर्गत आशापुर गाड़ी गांव निवासी गौरव तिवारी पुत्र हरिश्चन्द्र तिवारी अपनी बाइक नं0 यू0पी0 33
क्यू0
9062 से लखनऊ जा रहा था। जब वह नेशनल हाइवे पर हैदरगढ़ स्थित एलआईसी आफिस के निकट पहुंचा तभी बाईक असंतुलित होकर गिर गयी। सड़क की तरफ गिरे गौरव के सिर पर ट्रक नं0 यू0पी0 56 टी0 5744 चढ़ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। सिर पर लगा हेलमेट भी उसकी जान न बचा सका। सूचना पाकर कोतवाली पहुंचे पिता हरिश्चन्द्र तिवारी व अन्य लोगों ने बताया कि सुल्तानपुर में बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ने वाला गौरव अपने पिता की घर चलाने में मदद करने के लिए लखनऊ में प्राइवेट नौकरी करता था। कल सुबह वह घर आया था और परीक्षा देने सुल्तानपुर चला गया था। वापसी में देर हो जाने पर वह जगदीशपुर कस्बे के पास पड़ने जंगलापुर गांव स्थित अपने ननिहाल में रूक गया था। आज वहीं से वह नौकरी करने लखनऊ जा रहा था। मृतक के परिवार में माता-पिता के अलावा दो नाबालिग भाई कमल व धीरज हैं। जिनका रो-रो कर बुरा हाल है।

