रचना विशेष विद्यालय में शुरू हुआ पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम
https://husainijnp.blogspot.com/2015/12/blog-post_791.html
जौनपुर। गृह व कक्षा में व्यवहार प्रबन्धन अति महत्वपूर्ण होता है। विशेष बच्चों को घर एवं विद्यालय में जिस तरह का व्यवहार करने का तरीका बताया जायेगा, वह आगे चलकर उसी तरह का व्यवहार प्रस्तुत करेगा। उक्त विचार मंगलवार को रचना विशेष विद्यालय में भारतीय पुनर्वास परिषद द्वारा आयोजित ‘सतत् पुनर्वास शिक्षा कार्यक्रम’ के 5 दिवसीय प्रशिक्षण के शुभारम्भ अवसर पर मुख्य अतिथि जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) मंजू पासवान ने कही। उन्होंने आगे कहा कि विकलांग बच्चों की शिक्षा एवं उनके अच्छे व्यवहार की आवश्यक है, क्योंकि विकलांग बच्चों की शिक्षा एवं उनके व्यवहार राष्ट्र की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये रचना विशेष विद्यालय के प्रबन्धक नसीम अख्तर ने कहा कि सफल शिक्षण हेतु शिक्षक को पूर्ण तैयारी के साथ व्यवहार प्रबंधन पर भी ध्यान देना आवश्यक है जिससे छात्रों को निश्चित समय में अधिकतम ज्ञान व अच्छा व्यवहार प्रदान किया जा सके। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर हुआ। तत्पश्चात् विद्यालय प्रशासन द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन समन्वयक सुनील गुप्ता ने किया। इस मौके पर व्यवहार प्रबन्धन द्वारा बच्चे के सर्वांगीण विकास विद्यालय से लेकर घर तक कैसे किया जाय, विषय पर विद्यालय के प्रवक्ता डा. संतोष सिंह, सचिन यादव, अजय वर्मा ने विचार व्यक्त किया।

