रोजगार सेवक संगठन 29 को करेगा जिला में प्रदर्शन
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/29.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। ग्राम रोजगार सेवक संगठन की ओर से वादा निभाओ अभियान के तहत मुख्यमंत्री को सम्बोधित पोस्ट कार्ड सभी ब्लाक मुख्यालयों से ग्राम रोजगार सेवकों द्वारा भेजे गये। इस अभियान के तहत विकास खण्ड बंकी से जिला कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ-साथ तमाम रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री को पोस्ट कार्ड भेजकर उनके द्वारा 2012 के चुनाव में किये गये वादे के अनुसार रोजगार सेवकों को नियमित कर राज्य कर्मचारी का दर्जा दिये जाने का वादा याद दिलाया। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष आकाश त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने 2012 के चुनाव में रोजगार सेवकों से सभी चुनावी मंचों से सरकार बनने के बाद उनको नियमित करने का वादा किया था। साथ ही मुख्यमंत्री ने 26 नवम्बर 2014 को रोजगार सेवकों के प्रतिनिधि मण्डल से वार्ता कर नियमितीकरण करने पर सैद्धान्तिक सहमति प्रदान करते हुए अधिकारियों से रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी निर्देशित किया था। किन्तु विभागीय शिथिलता के चलते रोजगार सेवकों के नियमितीकरण की कार्यवाही अधर में लटकी हुई है। इसी शिथिलता से आक्रोशित प्रदेश भर के रोजगार सेवकों ने पोस्ट कार्ड के माध्यम से उनके उसी वादे को याद दिलाने का कार्य आज किया है। रोजगार सेवकों ने सरकार को आगाह भी किया कि यदि नियमितीकरण की कार्यवाही को समय रहते प्रारम्भ नहीं किया गया तो 29 जनवरी को प्रान्तीप आहवाहन पर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जायेगा। संगठन प्रभारी जमनेश कनौजिया ने बताया कि बाराबंकी संगठन ने निर्णय लिया है कि नियमितीकरण न होने तक प्रत्येक माह की 11 तारीख को पोस्ट कार्ड अभियान चला कर चुनावी वादा याद दिलाया जायेगा। महामंत्री दिलीप यादव ने कहा कि ऐसा लगता है कि ग्राम रोजगार सेवकों को नियमित करने की मंशा पर अफसरशाही हावी होती जा रही है। इस मौके पर संगठन अध्यक्ष के साथ विकास खण्ड बंकी अध्यक्ष तौकीर अहमद, तुफैल अहमद, अवनीश वर्मा, जितेन्द्र कुमार, नीरज यादव, विरेन्द्र कुमार, आशुतोष श्रीवास्तव, समेत दर्जनों रोजगार सेवकों ने प्रधान डाकघर पहुंचकर मुख्यमंत्री को सम्बोधित पोस्ट कार्ड भेजा।

