शिक्षकों का प्रतिनिधि मंडल अरूणेन्द्र कुमार से मिला
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/blog-post_181.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक मृतक आश्रित शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ का प्रतिनिधि मंडल जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरूणेन्द्र कुमार ‘मुन्ना’ से मिला। मृतक आश्रित संध के प्रांतीय महामंत्री जुबेर अहमद व जिलाध्यक्ष कुलदीप द्विवेदी ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग में मृतक आश्रितों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ पूरे प्रदेश में प्रांतीय नेतृत्व के आवाहन पर लड़़ाई शुरू हो चुकी है और एक व दो फरवरी को लखनऊ में पूरे प्रदेश का मृतक आश्रित अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ेगा। इस लड़ाई में मृतक आश्रित संघ आपसे सहयोग की कामना करता है। जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरूणेन्द्र कुमार ‘मुन्ना’ ने मृतक आश्रित संघ को भरोसा दिलाया कि प्रदेश तथा जिलों पर जूनियर शिक्षक संघ आपका हमेशा सहयोग करेगा। ये लड़ाई आपकी नही बल्कि हमारी है। मृतक आश्रित स्नातक व परास्नातक होते हुए भी चतुर्थ श्रेणी के पद पर कार्यरत है ये शिक्षक समाज के लिए शर्म की बात है। इस लड़ाई में हम आपके साथ कन्धे से कन्धा मिला कर चलेंगे। जूनियर शिक्षक संघ के जिलामंत्री अशोक कुमार सिंह तथा कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्रा ने भी अपने जिलाध्यक्ष की बातों पर सहमति जतायी। बैठक में मुख्य रूप से अभिषेक श्रीवास्तव, सफीर मलिक, पंकज बाजपेयी, अनुपम अवस्थी, कुलदीप वर्मा आदि लोग मौजूद रहे।

