श्री सर्वेश्वरी समूह ने आयोजित किया निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/blog-post_24.html
जौनपुर। सामाजिक व आध्यात्मिक संस्था श्री सर्वेश्वरी समूह की बदलापुर, समोधपुर व तेजी बाजार शाखा के संयुक्त बैनर तले दुगौली खुर्द प्राथमिक विद्यालय पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन हुआ जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा 400 रोगियों का परीक्षण करके निःशुल्क दवा वितरण किया गया। साथ ही 60 गरीबों को कम्बल भी दिया गया। इसके पहले शिविर का उद््घाटन जौनपुर शाखा के मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने किया जिन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता सबसे बड़ी ईश्वरीय पूजा है। श्री सर्वेश्वरी समूह की स्थापना इसी उद्देश्य से अघोरेश्वर महाप्रभु अवधूत भगवान राम द्वारा की गयी थी। उन्होंने मानव सेवा के 19 सूत्री कार्यक्रमों का निर्धारण किया था। गरीबों का निःशुल्क उपचार भी इसकी एक कड़ी है। इससे पूर्व उन्होंने अघोरेश्वर महाप्रभु व गुरूपद बाबा संभव राम के चित्र पर माल्यार्पण व पूजन-अर्चन किया। तत्पश्चात् विद्यालय के बच्चों के सेहत की जांच कर उन्हें पेट के कीड़े की दवा पिलायी गयी। शिविर में डा. प्रभात सिंह, डा. विवेक, डा. सुरेश अष्ठाना, डा. आरपी दूबे, डा. विनोद सिंह आदि ने 400 रोगियों का परीक्षण करते हुये सभी को निःशुल्क दवा देने के साथ 20 लोगों को चश्मा भी वितरित किया। इसके अलावा 14 मरीज मोतियाबिंद के आपरेशन के लिये चिन्हित किये गये जिनका निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर संस्था द्वारा कराया गया। इस अवसर पर जौनपुर शाखा के व्यवस्थापक ओम प्रकाश सिंह, डा. अरविन्द सिंह, भानु प्रताप सिंह, प्रमोद जायसवाल, ज्ञानेन्द्र सिंह, तेज प्रताप सिंह, धर्मेन्द्र सिंह सहित तमाम सम्बन्धित लोग मौजूद रहे। अन्त में बदलापुर शाखा के मंत्री दल सिंगार सिंह ने सभी आगन्तुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

