पानी टंकी बनी सफेद हाथी , ट्रायल के दौरान ही फट गये पाइप
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/blog-post_265.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। तहसील मुख्यालय पर लोगांे को स्वच्छ पेयजल मुहैय्या कराने के उद्देश्य से जल निगम विभाग द्वारा बनायी गयी पानी की टंकी प्रशासन के उपेक्षापूर्ण रवैय्ये के चलते शो पीस बनी हुई है। तहसील सिरौलीगौसपुर मुख्यालय पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गेट के ठीक सामने लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ेजल निगम विभाग द्वारा 2003 में पानी की टंकी का निर्माण करके ठेकेदार द्वारा ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दिया गया था। और टंकी को चालू करने के लिए राजेश कुमार यादव को बतौर ऑपरेटर के रूप में तैनात कर दिया गया था। टंकी ऑपरेटर राजेश कुमार बताते हैं कि दो वर्षाें तक का वेतन तो उसे ठेकेदार के माध्यम से दिया गया । शेष ग्यारह वर्ष व्यतीत हो गये उसे वेतन नही मिल पा रहा है। उक्त टंकी बन जाने के पश्चात् सिरौलीगौसपुर, धुसेड़िया, पीठापुर, त्रिवेदी पुरवा, खुर्दमउ, आदि गांवों को जल सप्लाई हेतु पाइप लाइनें बिछा दी गयीं विगत दो वर्षों से टंकी को चालू करने के लिए लगाया गया मोटर फुंका पड़ा हुआ है। जिसे सही करने की कोई कवायद नही की गयी है। सिरौलीगौसपुर निवासी राजेश कुमार बताते हैं कि पानी की टंकी निर्माण में शासन का काफी पैसा व्यय होने के बाद भी ग्रामीणों को कोई लाभ नही मिला । कमलेश व रामबरन बताते हैं कि काफी अर्सेे से मोटर बिगड़ा होने के चलते यह टंकी शो पीस बनी हुई है। ग्राम पीठापुर निवासी विनोद कुमार बताते हैं कि प्रशासन की उपेक्षा का दंश ग्रामीणों को झेलना पड़ रहा है। पानी की टंकी तो बन गई परन्तु लोगों को पानी की एक बूंद मुहैय्या नही हो सकी है। इसी प्रकार से कस्बा बदोसरायं में करीब 90 लाख रुपये की लागत से बनायी गयी पानी की टंकी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गयी। इसके सम्बन्ध में भा.कि.यू. मण्डल उपाध्यक्ष निसार मेंहदी बताते हैं कि उक्त टंकी बन जाने के पश्चात् पाइप लाइनों को बिछाने में कमीशन बाजी के चक्कर में ठेकेदार द्वारा घटिया किस्म के पाइपों को बिछा दिया गया है। जिससे ट्रायल में ही पाइप फट जाते हैं। जगह-जगह जल भराव की स्थित आ जाती है। इसके सम्बन्ध में कई बार उपजिलाधिकारी समेत उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है परन्तु जांच के नाम पर नतीजा शून्य रहा। जिसका आलम यह है कि सरकार का करीब 90 लाख रुपये का यह उपक्रम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। जिससेे ग्रामीणों को कोई लाभ नही मिल पा रहा है।
इसके सम्बन्ध में खण्ड विकास अधिकार सिरौलीगौसपुर विजयंत कुमार सिंह से जब फोन पर जानकारी ली गयी तो उन्होने बताया कि ग्राम पंचायत बदोसरायं में पानी की टंकी का निर्माण करके जल निगम विभाग ने जब ग्राम पंचायत के सुपुर्द किया तो लीकेज की समस्या पैदा हो गयी । यह मामला जल निगम विभाग के अन्तर्गत आता है।

