सपा सरकार ने किसानों के लिये कई महत्वकांक्षी योजनाएं लागू किये हैं: गोप
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/blog-post_334.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना अन्तर्गत ग्रीन हाउस में उच्च मूल्य के पुष्प उत्पादन और प्रबन्धन विषय पर विकास खण्ड रामनगर के ग्राम बेरिया में जिला औद्यानिक मिशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय किसान मेला और संगोष्ठी का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर उत्तर प्रदेश के ग्राम विकास मंत्री अरविन्द कुमार सिंह ‘गोप’ द्वारा किया गया। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार में किसानों के लिए राज्य के संसाधन से ऐतिहासिक कार्य किया है। किसानों की खुशहाली, तरक्की और समृद्धि के लिए प्रदेश सरकार द्वारा कई महत्वाकांक्षी योजनाए संचालित की जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और नेता मुलायम सिंह यादव स्वयं किसान परिवार से है। इसलिए किसानो का दर्द बखूबी समझते है। प्रदेश सरकार ने खेती को लाभ दायक बनाने के लिए विशेष ध्यान दिया है। श्री गोप ने कहा कि प्रदेश की तरक्की में किसान की अहम भूमिका है। खेती की लागत कम करने के लिए नहरों औैर नलकूपों से सिंचाई की मुफ्त व्यवस्था समाजवादी सरकार द्वारा की गयी है। प्रदेश सरकार ने बेरोजगारों, किसानों, गरीबों को केन्द्र में रखकर उनको विकास की मुख्य धारा से जोड़ने हेतु कई योजनाए चलायी है। जिलाधिकारी अजय यादव ने किसानों से अपील की कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आये। उन्हें व्यवसायिक खेती की तरफ बढ़ना होगा। खाद्यान्न उत्पादन के साथ ही सब्जी, केला, मेंथा, पुष्प, मसाले की खेती किसानों के लिए उपयोगी होगी। बाराबंकी के किसान काफी परिश्रमी है। वे अपने परिश्रम के बल पर खेती में काफी आगे बढ़ सकते है। जिलाधिकारी बैंकर्स से अपेक्षा की कि किसानों से सम्बन्धित योजनाओं को लागू कराने में पूरी संवेदनशीलता के साथ बैंक काम करें। किसानों को समय से अनुदान धनराशि का भुगतान कर दे। विधायक रामगोपाल रावत ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की मंशा है कि खेती में कम से कम लागत पर अधिक से अधिक उन्हें पैदावार प्राप्त हो सके। इसी मंशा से निःशुल्क सिंचाई की सुविधा सरकार द्वारा की गयी है। उद्यान विभाग उ0प्र0 के निदेशक एसपी जोशी ने इस अवसर पर कहा कि जनपद हर तरह की खेती में काफी आगे है। प्रदेश के अन्य जनपद भी केला, मेंथा, पुष्प, आदि की बाराबंकी में हो रही व्यावसायिक खेती से प्रेरित होगे। निश्चित रूप से भविष्य में यह जनपद फूलों की खेती का जनपद जाना जायेगा। जिला उद्यान अधिकारी जयकरन सिंह ने उद्यान विभाग के कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्होने यह भी बताया कि जनपद में इस बार पाली हाउस में पुष्प खेती किये जाने में काफी प्रगति हुई है। लगभग 38 हजार वर्ग मीटर में पाली हाउस में इसकी खेती की जा रही है।जमुना कनौजिया के नेतृत्व में ग्रामीण युवा लोक कला मंच के लोक गायकों ने किसानों के हित में संचालित योजनाओं पर आधारित लोक गीत एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। संगोष्ठी का संचालन सहायक उद्यान निरीक्षक अनिल कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
