छात्राओं ने रैली निकालकर पालीथिन के प्रति किया जागरूक
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/blog-post_393.html
जौनपुर। मां शारदा इण्टरमीडिएट बालिका विद्यालय खानापट्टी की छात्राओं ने शनिवार को रैली निकालकर पालीथीन से होने वाले नुकसान से लोगों को जागरूक किया और कहा कि पालीथीन का प्रयोग न करे न करने दें। इसके पहले प्रधानाचार्य शरद सिंह के संयोजन में छात्राओं ने बैनर, पोस्टर व तख्तियों पर पालीथीन विरोधी लिखे नारों को हाथ में लेकर सिकरारा बाजार से चौराहा सहित आस-पास के गावों में जाकर सभाओं व लघु नाटकों के माध्यम से लोगों को पालीथीन से होने वाले नुकसानों के बारे में जानकारी दिया। इसी क्रम में प्रबंधक जगदीश नारायण सिंह एडवोकेट ने अभिभावकों व छात्रों से कहा कि स्कूल हो या घर पालीथीन का प्रयोग कहीं भी न करें। इसके अलावा राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक लल्लन उपाध्याय ने कहा कि सिर्फ नारों व भाषण से अभियान सफल नहीं होगा, बल्कि इसके लिये लोगों को जागरूक होना पड़ेगा। संचालन कर रहे प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने अभिभावको व छात्रों को पालीथीन मुक्त करने हेतु शपथ दिलाते हुये कहा कि आप अपने गांव की सड़कों, गलियों या घर के आस-पास जहाँ भी पालीथीन बिखरा देखें, उसे उठाकर जला दें। इस अवसर पर शिक्षक सुशील सिंह, रामचन्दर सिंह, श्रवण यादव, दिलीप सिंह, कविता सिंह, राजकुमार जायसवाल, प्रवीण सिंह, सावन यादव, भग्गल राम कन्नौजिया आदि प्रमुख रहे। अन्त में आभार सौरभ सिंह ने ज्ञापित किया।

