DM ने दो लोहिया ग्राम में लगायी चौपाल, जनता से किया सीधे संवाद
https://husainijnp.blogspot.com/2016/01/dm_22.html
जौनपुर। जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम 2014-15 विकास खण्ड केराकत के धरौरा व विकास खण्ड जलालपुर के खालिसपुर खुर्द गांव का निरीक्षण किया जिसके बाद गांव में ही रात्रि विश्राम किया। धरौरा के प्राथमिक विद्यालय जयगोपालगंज पर जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने चौपाल लगाकर शासन की 36 विभागों की योजनाओं की जानकारी लोगों से प्राप्त करते हुये पात्रों के आवेदन पत्र/चयन, पशुओं के टीकाकरण, वृद्धा, विधवा, विकलंाग पेंशन, मनरेगा, किसान क्रेडिट कार्ड, विद्युतीकरण, हैण्डपम्प, मृदा परीक्षण, राशन कार्ड के बारे में जानकारी लिया। जिला विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र ने योजनाओं के सत्यापन हेतु बताया कि इस गांव में 68 हैण्डपम्प, 17 इन्दिरा आवास, 16 लोहिया आवास, 266 स्वच्छ शौचालय, 9 सोलर लाइट, सीसी रोड, विद्युतीकरण, मनरेगा जॉब कार्ड, मध्यान्ह भोजन, 33 कुपोषित, 5 अति कुपोषित, 15 किसान क्रेडिट कार्ड, 35 कौशल विकास मिशन, 66 बीज वितरण, 30 मृदा परीक्षण, 689 पशु टीकाकरण, 554 राशन कार्ड, 6 विधवा पेंशन, 8 वृद्धा पेंशन, 7 विकलाग पेंशन, 79 समाजवादी पेंशन के बारे में जानकारी दिया। उन्होंने बताया कि मनरेगा में 422686 रूपये व्यय किया गया। साथ ही 4 परियोजनाओं पर 560400 रूपये व्यय किया गया है। तालाब का जीर्णोद्धार पर 314968 रूपये व्यय किया गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा लाभार्थियों से सीधे संवाद स्थापित करके सत्यापन की जानकारी प्राप्त किया। साथ ही समस्याओं के निदान हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण करने का निर्देश दिया। इसके पहले एएनएम द्वारा बीपी, मधुमेह, हेमोग्लोबीन, वजन का जांच करने के अलावा बीएचएनडी दिवस पर टीकाकरण कराने का अनुरोध किया। मुख्य विकास अधिकारी पीसी श्रीवास्तव ने राज्य कुपोषण मिशन व श्रमिकों के कल्याणकारी 13 योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुये बताया कि श्रमिकों के कल्याण हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महत्वाकंाक्षी योजनाएं जिले में चलायी जा रही हैं। जानकारी न होने से लोग लाभ नहीं ले पाते हैं जिसमें मातृत्व हित लाभ योजना में लाभार्थी महिला कर्मकारों को प्रसव के उपरान्त पौष्टिक आहार की व्यवस्था कराया तथा 12000 रूपये के दो किश्तों में पंजीकृत महिला कर्मकार एवं 6000 रूपये के दो किश्त में पुरूष कर्मकार की पत्नी, प्रथम किश्त प्रसव के उपरान्त व द्वितीय किश्त बीसीजी टीकाकरण पूर्ण होने पर दिया जाता है। शिशु हितलाभ योजना उत्तर प्रदेश भवन सहित अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अन्तर्गत पंजीकृत लाभार्थी श्रमिकों के नवजात शिशुओं को उनके जन्म से दो वर्ष की आयु पूूर्ण होने तक पौष्टिक आहार की व्यवस्था कराया जाना है तथा वर्ष में एक बार एक मुश्त (लड़का होने पर 10000 रूपये व लड़की पर 12000 रूपये प्रति शिशु की दर से) दो वर्ष की आयु तक देय है। आवास सहायता योजना में पंजीकृत लाभार्थी नियमित अंशदान जमा करता हो। ऐसे लाभार्थी के पास स्वयं अथवा परिवार का पक्का आवास न हो। उन श्रमिको को लाभ मिलेगा जिसके पास स्वयं अथवा परिवार के नाम समुचित भूमि उपलब्ध हो। 100000 रूपया 2 किश्तों में व मरम्मत हेतु 15000 रूपया मिलेगा। मृत्यु एवं अंत्येष्टि सहायता में श्रमिक की मृत्यु की स्थिति में उसकी अन्येष्टि एवं अंतिम संस्कार हेतु 25000 रूपया अंतिम संस्कार व्यय के रूप में 1000000 रूपया एकमुश्त तत्कालिक सहायता राशि के रूप में आश्रितों को दी जायेगी परन्तु यह सहायता राशि आत्महत्या जैसी स्थिति में अनुमन्य नहीं होगी। साइकिल सहायता योजना में श्रमिक के रूप में कम से कम 6 माह से पंजीकृत हो, बोर्ड द्वारा साइकिल क्रय हेतु 3000 रूपये सब्सिडी के रूप मे दी जायेगी। उन्होंने ग्राम प्रधान व शिक्षित व्यक्तियों से अनुरोध किया कि श्रमिकों का श्रम विभाग में मात्र 100 रूपये में पंजीकरण व दो वर्ष तक 50-50 रूपये में नवीनीकरण कराकर लाभ दिलायें। उन्होंने बताया कि देश में कहीं भी श्रमिकों के कल्याण के लिये इस प्रकार की योजना नहीं चलायी जा रही है जिस प्रकार की योजना मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा चलायी जा रही है। जिलाधिकारी ने चौपाल के बाद लोहिया आवास, इंदिरा आवास, शौचालय, सीसी रोड का किया निरीक्षण। सीसी रोड अकारण अपूर्ण होने पर जिलाधिकारी ने ठेकेदार के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराने तथा शासन को पत्र भेजने का दिया निर्देश। जिलाधिकारी ने स्वच्छ शौचालय का उपयोग कर अनेक प्रकार की बीमारियों से बचने की जनता से अपील किया। साथ ही मिट्टी की जांच कराकर उपयुक्त मात्रा में उर्वरक का प्रयोग करने की सलाह दिया। इसी प्रकार खालिसपुर खुर्द में प्राथमिक विद्यालय पर चौपाल लगाकर योजनाओं की हकीकत जानने के साथ ही जनता की समस्याओं का निराकरण सम्बन्धित अधिकारियों से कराया। जिलाधिकारी ने देर रात कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ बैठक किया तथा समयबद्ध और गुणवत्तायुक्त कार्य कराने का भी निर्देश दिया। इस अवसर पर तमाम सम्बन्धित अधिकारियों की उपस्थिति रही।
