12 सूत्रीय मांगों को लेकर पालिकाकर्मियों के किया धरना-प्रदर्शन
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/12.html
जौनपुर। नगर पालिका परिषद कर्मचारी संघ के बैनर तले 12 सूत्रीय मांगों को लेकर गुरूवार को धरना-प्रदर्शन करते हुये अन्त में मांगों का ज्ञापन अधिशासी अधिकारी संजय शुक्ला को सौंपा गया। इस मौके पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुये कर्मचारी नेताओं ने कहा कि संविदा सफाईकर्मियों की भर्ती पर लगायी गयी रोक को बहाल किया जाय। पूर्व से कार्यरत संविदा सफाईकर्मियों को विनियमित किया जाय। शासकीय धनराशि जो शासन द्वारा उपलब्ध करायी गयी थी, के सापेक्ष नगर पालिका द्वारा कराये गये नवनिर्मित नलकूपों के दैनिक संचालन हेतु तथा दैनिक कार्यों में प्रयुक्त होने वाले क्रय किये गये वाहनों के संचालन हेतु और पथ प्रकाश व्यवस्था के रख-रखाव व मरम्मत करने हेतु तथा शासन द्वारा दो करोड़ उपलब्ध करायी गयी धनराशि से निर्मित सामुदायिक भवन जिससे 25 हजार की आय होती है, की सुरक्षा, रख-रखाव एवं सफाई व्यवस्था के संचालन हेतु विगत 5 वर्ष से लेकर 15 वर्ष के पूर्व के रखे गये संविदाकर्मियों जिन्हें 65 रूपये से लेकर 120 रूपये मजदूरी समय-समय पर नगर पालिका द्वारा दी जाती रही है कि निर्धारित आयु सीमा समाप्त होने के उपरान्त विनियमितीकरण करने के बजाय उन्हें शासनादेश में उल्लिखित भाषा का गलत अर्थ लगाते हुये कुल 92 संविदा कर्मियों को निकालकर उन्हें परिवार के भरण-पोषण हेतु भीख मांगने की स्थिति पर विवश कर दिया गया है। इस अवसर पर संरक्षक कामरेड मो. हनीफ, शिवशंकर यादव, श्रीमोहन यादव, संतोष, निजामुद्दीन, रामलखन, संजय पाठक, बसंतू, राहुल, आशीष, चन्दन, राम आसरे, फरीदा, पुष्पा, लक्ष्मी सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
