पूविवि के 19वें दीक्षांत समारोह पर सम्मानित किये जायेंगे मेधावीः प्रो. अग्रवाल
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/19_11.html
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का 19वां दीक्षांत समारोह 13 फरवरी को बसंत पंचमी पर आयोजित है जिसकी अध्यक्षता महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश एवं कुलाधिपति राम नाईक करेंगे तथा मुख्य अतिथि वैज्ञानिक पद्मश्री डा. प्रेमशंकर गोयल मानद अति विशिष्ट प्रोफेसर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) बेंगलुरू हैं। उक्त बातें पूविवि के कुलपति प्रो. पीयूष रंजन अग्रवाल ने गुरूवार को पत्र-प्रतिनिधियों से हुई वार्ता के दौरान कही। उन्होंने बताया कि पूविवि परिसर में ओपेन थिएटर का उद्घाटन उसी दिन महामहिम राज्यपाल करेंगे। विवि ने अपनी स्थापना के 28 वर्षों में शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में कई कीर्तिमान स्थापित किया है। समारोह में सत्र 2014-15 में विभिन्न विषयों के 58 सर्वोच्च अंकधारक विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किया जायेगा। साथ ही 339 विद्यार्थियों को पीएचडी उपाधि प्रदान की जायेगी। प्रो. अग्रवाल ने बताया कि विवि ने उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में कई प्रतिष्ठित संस्थाओं द्वारा पोषित शोध परियोजनाओं का परिचालन किया है जिसमें यूजीसी, आईसीएसएसआर, डीएसटी आदि प्रमुख हैं। विवि ने वर्तमान सत्र में राष्ट्रीय संगोष्ठियों व कार्यक्रम (एचआर कान्क्लेव 2015, होराइजन 2015, जैव प्रौद्योगिकी एवं मानव कल्याण भारतीय संविधानः लोकतंत्र एवं सफलता आदि) का आयोजन किया है। विवि द्वारा सत्र 2015-16 में नैक मूल्याकंन के सम्बन्ध में एलओआई की स्वीकृति के बाद सेल्फ स्टडी रिपोर्ट प्रेषित की जा चुकी है। पीयर टीम के आगमन हेतु तैयारी प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि 2014-15 में विवि से सम्बद्ध महाविद्यालयों का एआईएसएचई पर पंजीकरण पूर्ण हो चुका है। सत्र 2015-16 में पंजीकरण का कार्य प्रगति पर है। विवि द्वारा वर्ष 2015 में प्रदान की जाने वाली समस्त पीएचडी उपाधियों के शोध-प्रबन्धों को विवि अनुदान आयोग द्वारा निर्धारित ‘शोधगंगा’ कार्यक्रम पर पंजीकृत कराया गया है। विवि की वेबसाइट को नया रूप दिया गया है और आगे इस पर कार्य जारी है। कुलपति ने बताया कि परीक्षा के सम्बन्ध में विवि सहित समस्त सम्बद्ध महाविद्यालयों से आनलाइन आवेदन पत्र लेने के उपरांत आनलाइन प्रवेश पत्र एवं इलेक्ट्रानिक मार्कशीट के वितरण की व्यवस्था पूर्ण कर ली गयी है। विगत परीक्षाओं एवं पंजीकरण के समस्त आंकड़ों के लिये एक डेटा सेण्टर स्थापित करने की व्यवस्था की जा रही है। विवि परिसर के विद्यार्थियांे को सभी विषयांे की पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने हेतु बुकबैंक योजना की शुरूआत कर दी गयी है। ई लाइब्रेरी के तहत विद्यार्थियों को ईजर्नल, ईबुक की सुविधा उपलब्ध है। अन्त में उन्होंने बताया कि राजभवन लखनऊ में आयोजित खिलाड़ी सम्मान समारोह में अखिल भारतीय स्तर पर क्रीड़ा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 22 खिलाड़ियों को महामहिम राज्यपाल द्वारा स्वर्ण एवं रजत पदक देकर सम्मानित किया गया। इससे विवि के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन हुआ है। विवि निरन्तर शैक्षणिक गुणवत्ता के उन्नयन के लिये प्रयासरत है। इस मौके पर तमाम लोग उपस्थित रहे।
