अधिकारियों का चहेता बताकर रौब गांठ रहा सफाई कर्मी
https://husainijnp.blogspot.com/2016/02/blog-post_46.html
अजमी रिज़वी
बाराबंकी। विकास खण्ड बनीकोडर के लोहिया समग्र गांव सरवन टिकठा में तैनात सफाई कर्मी साफ सफाई करने की बजाय ग्रामीणो पर धौंस जमा रहा है। ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर पर इस मनबढ़ सफाईकर्मी की शिकायत भी की लेकिन अधिकारियों का चहेता होने के कारण उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नही की गई। यहां विजय कुमार नामक सफाईकर्मी की तैनाती है जो साफ सफाई करने की बजाय उल्टे ग्रामीणो पर रौब गालिब कर रहा है। गांव के ढनगू बाबादीन मतऊ राकेश सिंह व विंध्या आदि ने बताया कि यह सफाईकर्मी साफ सफाई करने के बजाय अपने काम में मस्त रहता है। ग्रामीणों द्वारा शिकायत करने पर यह उनपर धौंस जमाता है। यदा कदा अधिकारियों के निरीक्षण करने की सूचना मिलते ही या तो यह कर्मी किराए पर मजदूर लाकर गांव में साफ सफाई की खानापूर्ति करवाता है या अन्य गांवों के सफाईकर्मियों को बुलाकर काम करवाता है। बुधवार को प्रमुख सचिव के निरीक्षण के मद्देनजर कई गांवो के सफाईकर्मियो व मजदूरो ने मिलकर गांव की साफ सफाई की इससे पूर्व त्योहार पर नही की गई। तीज त्योंहारों पर भी गांव की सफाई नही होती है। ग्रामीणो ने बताया कि सफाईकर्मी की मनमानी की शिकायतें की गई लेकिन कोई कार्रवाई नही की गई। ब्लाक के अधिकारियों का चहेता होने के कारण वह पूरी तरह से मनमानी पर उतारू है। ग्रामीणो ने जिलाधिकारी बाराबंकी से मनबढ़ इस सफाईकर्मी के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।

