4 वर्ष से भटक रही गरीब विधवा को अंततः मिल ही गया न्याय
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/4_15.html
जौनपुर। विगत 4 वर्षों से तहसील से लेकर जिला प्रशासन के दरवाजे पर दस्तक देकर न्याय के लिये भटक रही विधवा को अंततः न्याय मिल ही गया, क्योंकि मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी के कड़े निर्देशन पर तहसील प्रशासन ने उसे उसकी जमीन पर कब्जा दिलवा दिया। मालूम हो कि केराकत नगर पंचायत के दलाल टोला निवासी गरीब आयशा बीबी पत्नी स्व. जुम्मन अंसारी के मकान को कुछ दबंगों द्वारा कब्जा कर लिया गया था। इसको लेकर वह न्याय पाने के लिये उक्त गरीब महिला पिछले 4 वर्षों से तहसील व जिला प्रशासन के दरवाजे पर दस्तक दे रही थी। वह काफी निरााश हो चुकी थी लेकिन उम्मीद आस नहीं छोड़ी थी। चर्चाओं की मानें तो स्थानीय तहसील के कुछ अधिकारियों की हीला-हवाली से यह मामला दबता चला जा रहा था। फिलहाल मण्डलायुक्त वाराणसी व जिलाधिकारी जौनपुर के कड़े निर्देशन पर तहसील प्रशासन गम्भीर हो गया जिस पर पुलिस के भारी फोर्स के साथ उक्त महिला को उसकी जमीन पर कब्जा दिलवा दिया गया। देखा गया कि मौके पर उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी उमाशंकर सिंह, तहसीलदार जयराम मौर्य, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवानन्द यादव, थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर रंजना सचान, कस्बा चौकी प्रभारी संजय सिंह, सरकी चौकी प्रभारी वंश बहादुर सिंह, सरकी चौकी प्रभारी राम नरायन यादव भी मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी की अगुवाई में गरीब महिला को उसकी भूमि पर मौके पर ही कब्जा दिलाया गया जिसको देर से ही जागे प्रशासन के इस कार्य की चतुर्दिक प्रशंसा हो रही है।

