
जौनपुर। जनपद के जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के एक समाजसेवी ने दरियादिली दिखाते हुये दलितों को अपने घर आने-जाने के लिये अपनी जमीन देकर रास्ते का निर्माण कराना शुरू कर दिया। देश की आजादी के बाद पहली बार अपने घर तक जाने का रास्ता पाकर दलितों में खुशी का ठिकाना नहीं है। बता दें कि जलालपुर विकास खण्ड के प्रधानपुर गांव के दलित बस्ती के लोगों को आज तक आने-जाने का रास्ता नहीं था। पुरूषों, युवकों के अलावा महिलाएं व बच्चे सभी पगडंडियों के सहारे आते-जाते हैं। इनकी पीड़ा को कम करने के लिये इसी गांव के समाजसेवी अखिलेश सिंह ने अपनी जमीन में से रास्ता बनवाने का कार्य शुरू करा दिया। उनके इस सराहनीय कदम से जहां दलितों में खुशी की लहर दौड़ गयी है, वहीं पूरे क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। मालूम हो कि श्री सिंह मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद राम चरित्तर निषाद के काफी करीबी हैं। इतना ही नहीं, आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी के रूप में टिकट पाने की दौड़ में भी शामिल हैं। इस नेक काम करने पर मनोज दूबे, संतोष मिश्र, चित्रसेन सिंह, सुनील कुमार, पंचम सिंह, सुनील सिंह, मनोज निषाद आदि ने श्री सिंह को बधाई दिया है।
