शरीर पर केरोसिन डाल माचिस खोज रही थी महिला, पकड़ने में जुट गई पुलिस
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_347.html
गया.बोधगया थाना के बैजू बिगहा गांव से SSP कार्यालय परिसर में आत्मदाह के लिए पहुंचे एक ही परिवार के आधा दर्जन से अधिक महिला-पुरुषों ने केरोसिन तेल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। एक महिला अपने शरीर पर केरोसिन डालकर माचिस खोज रही थी तभी पुलिस उसे पकड़ने में जुट गई। काफी कोशिश के बाद वह पकड़ में आई। हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज था परिवार...
परिवार के सभी सदस्य बोधगया डीएसपी और वहां की पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ जुटे थे।
आक्रोश का कारण बैजू बिगहा के वीरेंद्र यादव की बीते एक दिसंबर को अपहरण के बाद हत्या से जुड़ा था।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिवार बीते कई महीने से SSP ऑफिस का चक्कर काट रहा था।
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में विफल रही थी।
पीड़ित परिवार का कहना था कि बोधगया डीएसपी और वहां की पुलिस आरोपियों के साथ मिली हुई है।
मृतक वीरेंद्र यादव की पत्नी ने 28 मार्च को सपरिवार आत्महत्या की बात कही थी।
11:30 बजे किया आत्मदाह का पहला प्रयास
बोधगया से गया पहुंचे सभी परिवार पर पुलिस की नजर थी। करीब 11:30 बजे मृतक वीरेंद्र का छोटा पुत्र रौशन उग्र हो गया। उसने झोला में रखा केरोसिन तेल निकालने का प्रयास किया, जिसपर एक दारोगा की नजर पड़ गई।
दारोगा ने युवक से केरोसिन वाला झोला छीनना चाहा, जिसके बाद युवक ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
11.55 बजे बड़े बेटे ने किया प्रयास
दूसरा प्रयास उसके बड़े भाई सुविरण ने किया।
वह केरोसिन तेल अपने शरीर पर उड़ेलने के बाद वह माचिस की खोज करता, इससे पहले ही पुलिस उसे दबोचने में जुट गई। करीब पांच मिनट तक उसने पुलिस को छकाया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की।
कई सदस्यों ने खुद पर डाला केरोसिन
12 बजे तक परिवार के कई सदस्यों ने खुद पर केरोसिन तेल उड़ेल लिया था।
महिला बलों ने महिलाओं को कब्जे में किया। पुरुष बलों ने सभी युवकों को किसी तरह दबोचा।
- पुलिस ने परिवार के सभी पुरुषों को एम्बुलेंस में डाला। महिलाओं को ऑटो में बैठाकर थाने ले जाया गया।
हत्या के एक मामले में न्याय नहीं मिलने की बात को लेकर बोधगया से एक परिवार के लोग आत्मदाह को आए थे। किसी प्रकार की अप्रिय वारदात नहीं हुई है। सभी परिवार को सिविल लाइन थाने ले जाकर रखा गया है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
आलोक कुमार सिंह,सिटी डीएसपी

