शिक्षकों की पेंशन के लिए मई से होगी कटौती
https://husainijnp.blogspot.com/2016/03/blog-post_835.html
माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार सुबह से निदेशक माध्यमिक शिक्षा के कैंप कार्यालय पर उपवास और धरना शुरू कर दिया था, जिसे बलराम यादव से मिले ठोस आश्वासन के बाद खत्म कर दिया गया। दो घंटे चली वार्ता में तय हुआ कि 1 अप्रैल, 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों की पेंशन योजना प्रभावी बनाने के लिए मई, 2016 के वेतन से कटौती प्रारंभ कर दी जाएगी। उससे पहले कंप्यूटर सॉफ्टवेयर में जरूरी तकनीकी परिवर्तन करा लिए जाएंगे। यह भी सहमति बनी कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं से संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी के एवज में दिए जाने वाले पारिश्रमिक का भुगतान 31 मार्च, 2016 से पहले कर दिया जाएगा। वार्ता के दौरान प्रमुख सचिव (माध्यमिक शिक्षा) ने बताया कि इस मद में 7 करोड़ रुपये की राशि 22 मार्च को जारी कर दी गई है, जबकि इतनी ही राशि जल्द ही जारी कर दी जाएगी। 2015-16 में बोर्ड परीक्षा के दौरान बांदा के एक केंद्र व्यवस्थापक को गोली लगी थी। उन्हें लोक सेवक के रूप में निशुल्क चिकित्सा सुविधा देने पर भी सहमति बनी।
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में बालिकाओं की सुविधा के लिए शौचालय का निर्माण अनिवार्य किया जाएगा। इसके लिए विद्यालय के विकास शुल्क के अतिरिक्त जो राशि जरूरी होगी, उसकी पूर्ति सरकार करेगी।
